'पापा नीचे आ जाओ... नीचे खड़ा चीखता रहा मासूम और फिर पिता के साथ हो गया खौफनाक हादसा
ADVERTISEMENT
सहारनपुर में नशे की हालत में पानी की टंकी पर चढ़े पिता की मौत हो गई. बच्चे ने बार-बार उन्हें नीचे आने की गुहार लगाई. यह घटना लापरवाही और नशे के गंभीर प्रभाव को दर्शाती है.
पापा नीचे आ जाओ... प्लीज नीचे आ जाओ, मैं आपके साथ चलूंगा.' एक 5 साल के मासूम बेटे की यह पुकार सुनकर मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं. लेकिन पानी की टंकी पर चढ़े पिता के सिर पर ऐसा नशा और जिद सवार थी कि उस पर बच्चे की मिन्नत का भी कोई असर नहीं पड़ा. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित थाना देहात कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ा 30 वर्षीय शुभम घंटों चले ड्रामे के बाद आखिरकार टंकी के अंदर जा गिरा, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना का सबसे भावुक पहलू वह वीडियो है, जिसमें मासूम बच्चा माइक हाथ में लेकर अपने पिता से नीचे उतरने की गुहार लगाता रहा, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
