भाई को छुड़ाने की जिद में मोरध्वज ने थाने में खुद को लगा ली आग..., पुलिसकर्मी कंबल लेकर दौड़े, संभल का यह पूरा मामला हैरान कर देगा
Uttar Pradesh Crime News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्थित धनारी थाने में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने थाने परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली.
ADVERTISEMENT

Sambhal Police Station Incident: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्थित धनारी थाने में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने थाने परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. युवक अपने भाई को पुलिस हिरासत से छोड़ने की मांग कर रहा था. आग की लपटें उठते ही पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और कंबल डालकर आग बुझाई. इसके बाद घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है. पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी और युवक ने अपने भाई के खिलाफ कार्रवाई रुकवाने के लिए यह कदम उठाया.
कार्यक्रम के दौरान हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, धनारी थाना क्षेत्र के बगडेर गांव में बुधवार देर रात बच्चों के मुंडन संस्कार कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था. सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जुड़े लखपत सिंह और भरत सिंह को हिरासत में लेकर थाने ले आई. इसके बाद गुरुवार को दोनों पक्ष आपसी समझौते का प्रयास करते रहे, लेकिन मामला नहीं सुलझ सका.
भाई को छोड़ने की थी मांग
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में से एक आरोपी के भाई मोरध्वज ने पुलिस से अपने भाई को निर्दोष बताते हुए छोड़ने की मांग की. हालांकि पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई का हवाला देते हुए उसे छोड़ने से इनकार कर दिया और दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई शुरू कर दी. इसी बीच मोरध्वज थाने के एक तरफ गया और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. जब तक पुलिसकर्मी उसे रोकने के लिए पहुंचे, तब तक वह आग की चपेट में आ चुका था.
पुलिस ने कंबल डालकर बचाई जान
युवक को जलता देख पुलिसकर्मियों ने तुरंत कंबल डालकर आग बुझाई और उसे आनन-फानन में बहजोई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलने पर संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से पूरे मामले की जानकारी ली.
एसपी ने बताई पूरी घटना
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बुधवार रात करीब डेढ़ बजे डायल-112 को गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी. मौके पर मौजूद लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था. उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे थाने के संतरी को जानकारी मिली कि एक व्यक्ति खुद पर तेल डालकर आग लगाने की कोशिश कर रहा है. पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वह आग लगा चुका था. एसपी के अनुसार युवक करीब 25 से 30 प्रतिशत तक झुलसा है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर भेजा गया है. पुलिस के मुताबिक अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है. पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने अपने भाई के खिलाफ मामला दर्ज न हो, इसलिए यह कदम उठाया.
