लखनऊ शिवा शर्मा केस में फंसी मॉडल श्रद्धा दुबे ने जारी किया वीडियो, बोली- हत्या नहीं, सुसाइड था
ADVERTISEMENT
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में वांछित श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर हत्या के आरोपों को खारिज किया और इसे आत्महत्या बताया. 25 हजार की इनामी श्रद्धा ने पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने की बात कही.
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में ₹25,000 की इनामी आरोपी और वांछित श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो जारी किया है. वीडियो में श्रद्धा ने खुद पर लगे हत्या के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे सुसाइड बताया है और पुलिस के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने की बात कही है.
श्रद्धा दुबे के वीडियो में क्या रहे दावे?
श्रद्धा ने वीडियो में दावा किया है कि वह कहीं गायब नहीं हैं और पुलिस के सामने आकर सब कुछ सच-सच बताना चाहती हैं. श्रद्धा ने दावा करते हुए कहा कि शिवा शर्मा की कोई हत्या नहीं हुई थी बल्कि वह एक सुसाइड था.
नेताओं और अधिकारियों से नाम जोड़ने पर आपत्ति
श्रद्धा ने मीडिया से अपील की है कि उसका नाम बेवजह कई नेताओं और अधिकारियों के साथ न जोड़ा जाए. उसने कहा कि इंस्टाग्राम या अन्य माध्यमों से उनके जुड़े होने की अफवाहें फैलाई जा रही हैं जबकि उनका किसी से कोई कनेक्शन नहीं है और वह किसी को नहीं जानतीं. वीडियो में उसने यह भी कहा कि इस समय उसकी फिजिकल फिटनेस ठीक नहीं है इसलिए उनके बारे में गलत अफवाहें न फैलाई जाएं.
क्या है पूरा मामला और पुलिस की कार्रवाई?
9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज इलाके के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के तुरंत बाद उन्हें केजीएमयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शिवा की मां रंजना की तहरीर पर हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया. इस मामले में श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मी, ड्राइवर आदिल और तारिक समेत कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी लखनऊ सेंट्रल की ओर से तीन मुख्य आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है जिसमें श्रद्धा दुबे भी शामिल हैं.
फिलहाल, श्रद्धा दुबे के इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां अपने स्तर पर मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि श्रद्धा द्वारा किए गए दावों की पुष्टि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही की जाएगी.
