शाहजहांपुर में तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, 5 लोगों की हालत गंभीर, बस की छत पर गिरकर 3 साल के बच्चे की बची जान
शाहजहांपुर में भैया दूज के दिन कार और दो बाइकों की जोरदार टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. हादसे के दौरान मां की गोद में बैठा तीन साल का बच्चा उछलकर पास से गुजर रही एक इलेक्ट्रिक बस की छत पर गिरा जिससे उसकी जान बच गई.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में भैया दूज के दिन एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. पति और तीन साल के बच्चे के साथ बाइक पर मायके जा रही एक महिला को सामने से तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. इसी दौरान पीछे से आ रही एक और बाइक भी इस हादसे का शिकार हो गई. जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. तो वहीं इस भयानक हादसे में एक चमत्कार भी देखने को मिला है. दरअसल इस सड़क हादसे के दौरान मां की गोद से तीन साल का बच्चा उछलकर पास से गुजर रही एक इलेक्ट्रिक बस की छत पर जा गिरा और उसे एक खरोंच तक नहीं आई है.
मायके जा रहा था पूरा परिवार
यह दर्दनाक दुर्घटना 11 नवंबर को शाहजहांपुर के थाना सिंधौली क्षेत्र के मुडिया मोड़ पर हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक एक महिला अपने पति और करीब तीन साल के बच्चे के साथ बाइक पर सवार होकर भैया दूज मनाने के लिए अपने मायके जा रही थी. तभी रास्ते में सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक दूसरी मोटरसाइकिल भी अनियंत्रित हुई और सीधे कार से जा टकरा गई.
यह भी पढ़ें: UP Weather: यूपी में कल सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन, कोहरे के साथ 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
बस की छत पर गिरा मासूम
कार और बाइकों की यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक पर अपनी मां की गोद में बैठा तीन साल का बच्चा हवा में कई फीट ऊपर उछलकर पास से गुजर रही एक इलेक्ट्रिक एसी बस की छत पर गिर पड़ा. हैरानी और राहत की बात यह थी कि इतने खौफनाक हादसे के बावजूद उस मासूम को एक खरोंच तक नहीं आई है. बच्चे के इस साथ हुई चमत्कारी घटना के बाद मौके पर मौजूद सभी लोग दंग रह गए. जिससे एक चीज क्लियर हो गई है कि 'जाको राखे सईंया मार सके ना कोय.'
यह भी पढ़ें: UP Weather: यूपी में कल सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन, कोहरे के साथ 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
सभी घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के स्थानीय लोग फौरन मदद के लिए आगे आए. इस सड़क हादसे में महिला समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं. वहां मौजूद लोगों की मदद से सभी पांचों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार चल रहा है. घायलों में शामिल महिला की हालत काफी गंभीर बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: UP Weather: यूपी में कल सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन, कोहरे के साथ 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
