शरीर पर लिपस्टिक, सिगरेट के निशान और... लखनऊ के हाई-प्रोफाइल केस शिवा शर्मा की मौत में आया नया मोड़!
ADVERTISEMENT
Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ में कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में उनकी मां ने लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे समेत अन्य लोगों पर हत्या और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
Shiva Sharma Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके में एक कैफे संचालक 27 वर्षीय शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गहराता जा रहा है. बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा की मौत हो गई. शिवा अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे के साथ रहता था, जो एक मॉडल और इन्फ्लुएंसर है. इस घटना ने तब तूल पकड़ लिया जब शिवा की लाश पर गंभीर चोटों और सिगरेट से दागने के निशान मिले. मृतक की मां रंजना शर्मा ने इसे एक सोची-समझी हत्या बताते हुए श्रद्धा, उसकी बहन और अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया है. पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
शिवा के शरीर पर मिले खौफनाक निशान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब शिवा चौथी मंजिल से नीचे गिरा तो उसके शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था. उसके चेहरे पर लिपस्टिक लगी हुई थी और शरीर पर सिगरेट से दागने के कई गहरे निशान थे. शिवा की मां रंजना शर्मा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया था. मां के मुताबिक, शिवा की दोनों आंखें, नाक, जबड़ा और पसलियां टूटी हुई थीं. परिवार वालों के भारी हंगामे के बाद ही पुलिस ने इन चोटों को पंचनामे में शामिल किया.
4 महीने से चल रही थी प्रताड़ना
मृतक की मां का आरोप है कि श्रद्धा दुबे अपनी ऊंची पहुंच और रसूख का डर दिखाकर पिछले चार महीनों से शिवा को ब्लैकमेल कर रही थी. वह शिवा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी और उसके साथ मारपीट भी करती थी. मां ने बताया कि श्रद्धा अक्सर शिवा को झूठे मामलों में फंसाने और बदनाम करने की धमकियां देती थी. शिवा ने अपने दोस्तों से भी यह डर साझा किया था. मां ने पुलिस को दोनों के बीच हुई वॉट्सऐप चैट्स भी सबूत के तौर पर सौंपी हैं.
ब्लैकमेलिंग और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
जांच में सामने आया है कि शिवा और श्रद्धा की मुलाकात गोमती नगर के एक क्लब में हुई थी, जिसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. परिजनों का दावा है कि श्रद्धा अपनी राजनीतिक पहुंच की धौंस देकर शिवा को डराती थी. दरअसल, शिवा का एक पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी था. वह 30 अगस्त को गोमती नगर के एक क्लब में हुई फायरिंग के मामले में आरोपी था और जेल भी जा चुका था. जेल से छूटने के बाद वह दोबारा सलाखों के पीछे जाने से डरता था. आरोप है कि श्रद्धा उसके इसी डर का फायदा उठाकर उसे ब्लैकमेल कर रही थी. पुलिस अब इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है.
