लखनऊ में कार पार्किंग विवाद को लेकर हुआ ट्रिपल मर्डर, आरोपी ऋषभ शुक्ला ने शिवाजी-शिवेंद्र-सुयश को मारी गोली
लखनऊ के सआदतगंज इलाके में कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे फायरिंग की घटना में बदल गया. आरोपी ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है.
ADVERTISEMENT

लखनऊ के सआदतगंज इलाके में कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे फायरिंग की घटना में बदल गया. आरोपी ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी. मरने वालों में शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई शिवेंद्र तिवारी (55) और बेटा सुयश तिवारी (30) शामिल हैं. पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला (30) को गिरफ्तार कर लिया है और. इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल हुई पिस्टल को भी बरामद कर लिया गया है.
खाली प्लॉट में पार्किंग को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक यह घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में खाली प्लॉट पर कार खड़ी करने और चबूतरे के निर्माण को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ऋषभ शुक्ला ने अपनी पिस्टल निकालकर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.
मृतक के रिश्तेदार ने सुनाई हत्याकांड की कहानी
मृतक परिवार की एक महिला रिश्तेदार ने बताया है कि आरोपी लड़के ने ही झगड़े की शुरुआत की थी. इस मामले में कोई कुछ बोल पाता इससे पहले आरोपी ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं. गोली चलने की आवाज सुनकर बड़े भाई दौड़कर नीचे आए तो उन्हें भी गोली मार दी गई. वहीं मृतक का बेटा सुयश उस वक्त बाथरूम में था, उसने गोली की आवाज सुनी तो वह बाहर की ओर भागा इतने में उसे सीढ़ियों पर ही गोली मार दी गई. रिश्तेदार के मुताबिक घर में ठीक एक महीने बाद शादी का फंक्शन था और डेंटिंग-पेंटिंग का काम चल रहा था.
ट्रिपल मर्डर के पीछे पुलिस ने बताई वजह
पुलिस के मुताबिक ऋषभ शुक्ला नामक आरोपी ने शिवा, शिवेंद्र और सुयश तिवारी पर पिस्टल से फायरिंग की थी. लखनऊ पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद हो गई है. उन्होंने आगे जानकारी दी कि आरोपी ऋषभ पहले मर्चेंट नेवी में नेविगेशन ऑफिसर के रूप में काम करता था. और वह फिलहाल कहीं नौकरी नहीं कर रहा था. पुलिस के अनुसार यह पूरा विवाद आमने-सामने कार पार्किंग को लेकर शुरू हुए विवाद का लग रहा है. हालांकि पुलिस आरोपी के पुराने विवादों और व्यवहार की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में पार्किंग विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, सिर और सीने में गोली लगने से तीन लोगों की मौत
