प्यार था तो मारा क्यों...लखनऊ में होटल के 10वीं मंजिल से गिरकर हुई समरीन की मौत, परिवार ने प्रेमी पर लगाए ये आरोप
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 साल के समरीन की मौत हो गई. साथ आया युवक अवनीश फरार है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस हादसे, आत्महत्या और साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT

लखनऊ के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स न्यू हजरतगंज के होटल 'सेलेस्टियल' में सोमवार शाम एक सनसनीखेज घटना से हड़कंप मच गया. होटल की 10वीं मंजिल के कमरा नंबर 1037 से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरकर 24 साल की समरीन की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के तुरंत बाद मृतका के साथ रुका युवक अवनीश मौके से फरार हो गया. इस रहस्यमयी मौत के बाद मृतका के परिजनों ने इसे सोची-समझी हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से बारीकी से छानबीन कर रही है.
होटल में एंट्री और 10वीं मंजिल से गिरने का रहस्य
लखनऊ के चौक इलाके की रहने वाली 24 साल की समरीन सोमवार दोपहर करीब 11:46 बजे सुल्तानपुर के रहने वाले अवनीश के साथ होटल सेलेस्टियल पहुंची थी. दोनों होटल के कमरा नंबर 1037 में ठहरे हुए थे. शाम करीब 6 बजे अचानक समरीन 10वीं मंजिल की बालकनी से नीचे आ गिरी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात के तुरंत बाद आरोपी युवक होटल से रफूचक्कर हो गया.
समरीन अपने परिवार के साथ रहती थी. उसके पिता का निधन 16 साल पहले मुंबई में हो चुका था. उसके दो भाई इमरान और आमिर सऊदी और ओमान में जरदोजी का काम करते हैं. मृतका का वैवाहिक जीवन काफी तनावपूर्ण चल रहा था. करीब 6 साल पहले उसकी शादी चौपटिया तंबाकू मंडी के पास हुई थी. एक बच्चे की 6 माह की उम्र में मौत हो जाने के बाद पति से विवाद शुरू हो गया था और कोर्ट में केस लंबित था जिसकी मंगलवार को पेशी भी थी.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका की मां ने रोते हुए न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि अगर आरोपी उससे प्यार करता था तो शादी कर लेता लेकिन उसकी जान क्यों ली? मृतका के मौसा मोहम्मद शकील ने अंदेशा जताया कि समरीन को बहला-फुसलाकर होटल लाया गया था. आरोपी पिछले 4 महीने से उसके पीछे पड़ा था और उसे परेशान कर रहा था. परिजनों का आरोप है कि पहले समरीन की हत्या की गई और फिर मामले को छुपाने के लिए उसे 10वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया गया.
पुलिस की कार्रवाई और जांच के दायरे
डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मृतका और आरोपी के बैकग्राउंड, कॉल डिटेल्स और आपसी रिश्तों की गहराई से पड़ताल कर रही है. यह मामला आत्महत्या है, कोई हादसा या फिर सोची-समझी आपराधिक साजिश इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.
