कांग्रेस दफ्तर में अजय राय से भिड़ने वाली ममता चौधरी कौन हैं?
ADVERTISEMENT
लखनऊ के कांग्रेस दफ्तर में अजय राय और ममता चौधरी के बीच झगड़ा हुआ. विवाद प्रदेश अध्यक्ष पद परिवर्तन के बाद बढ़ा.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक बैठक के दौरान जमकर हंगामा और मारपीट देखने को मिली है. पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और लखनऊ की वरिष्ठ पार्षद ममता चौधरी के बीच किसी बात को लेकर ऐसा विवाद बढ़ा कि बात गाली-गलौज और जूता-चप्पल तक पहुंच गई. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद कांग्रेस की अंदरूनी कलूट और गुटबाजी एक बार फिर सड़क पर आ गई है. जहां एक तरफ ममता चौधरी ने अजय राय और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं इस घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है.
क्या है पूरा विवाद और कैसे भड़की हिंसा?
कांग्रेस द्वारा हाल ही में सांगठनिक बदलाव किए जाने के बाद पूर्वांचल के नेता अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर यह जिम्मेदारी आराधना मिश्रा 'मोना' को सौंपी गई है. हालिया कार्यक्रम के दौरान जब अजय राय पार्टी कार्यालय पहुंचे तो समर्थकों की भीड़ और रास्ता खाली कराने को लेकर माहौल गरमा गया. आरोप है कि इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई. बैठक में जूता-चप्पल चलने की फुटेज और वीडियो भी सामने आए हैं.
कौन हैं ममता चौधरी?
ममता चौधरी कांग्रेस की चार बार की पार्षद हैं. वह वर्तमान में नगर निगम में कांग्रेस के पार्षद दल की नेता होने के साथ-साथ महिला मध्य जोन विंग की अध्यक्ष भी हैं. लखनऊ के मालवीय नगर वार्ड से पार्षद ममता चौधरी ने 2022 में मोहनलालगंज सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था. हालांकि उन्हें उस दौरान 2,990 वोट मिले थे. उनके पति मनीष कुमार तिवारी वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के करीबी माने जाते हैं.
ममता चौधरी के तीखे आरोप
घटना के बाद पार्षद ममता चौधरी ने अपना पक्ष रखते हुए अजय राय और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा 'अजय राय जी ने कहा कि 'अपनी औकात में रहो', जिस पर मैंने पलटकर कहा कि औकात की बात मत करिए.' ममता का दावा है कि उन्होंने सीधे तौर पर अजय राय से कुछ नहीं कहा था, बल्कि भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने सामान्य रूप से बात कही थी.
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और महिलाओं पर जूते-चप्पलों से हमला किया गया जिससे कई महिला कार्यकर्ता चोटिल भी हुईं.
नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' का बयान
इस पूरे घटनाक्रम के बीच जब नई उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' से सवाल किया गया, तो उन्होंने पार्टी में किसी भी बड़े विवाद से इनकार करते हुए कहा कि "परिवार एक साथ है." उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस इस समय संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए देशव्यापी और जन-आंदोलन की लड़ाई लड़ना है तथा इंडिया गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरेगा.
बहरहाल, कांग्रेस दफ्तर के भीतर हुई इस शर्मनाक झड़प ने पार्टी के भीतर चल रही अंतर्कलह और गुटबाजी को जगजाहिर कर दिया है जिस पर विपक्षी दल भी चुटकी ले रहे हैं.
