लेटेस्ट न्यूज़

'बॉयफ्रेंड से चैट करते हुए पकड़ी गई थीं ऐश्वर्या...' रियलिटी शो में पत्नी को लेकर ऐसा दावा करने पर बुरे फंसे तेज प्रताप यादव?

तेज प्रताप यादव के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में पत्नी ऐश्वर्या को लेकर दिए बयानों से नया विवाद खड़ा हो गया है. तलाक का मामला पटना फैमिली कोर्ट में लंबित है. जानिए क्या इन टिप्पणियों से उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

ADVERTISEMENT

Tej Pratap Yadav and his wife
Tej Pratap Yadav and his wife
social share
Google CTA

रिएलिटी शो राइज एंड फॉल के सीजन-2 का हिस्सा बने तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी और बयानों को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं. रियलिटी शो के दौरान अपनी पत्नी ऐश्वर्या को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद से राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. तेज और ऐश्वर्या के बीच तलाक का मामला पहले से ही पटना फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है. ऐसे में सार्वजनिक मंच पर निजी रिश्तों को लेकर दिए गए बयानों के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या यह विवाद तेज प्रताप के लिए नई कानूनी मुश्किलें खड़ी कर सकता है?

शो में तेज प्रताप यादव ने क्या-क्या दावे किए?

रियलिटी शो के दौरान तेज प्रताप यादव ने अपनी शादीशुदा जिंदगी पर खुलकर बात की. तेज प्रताप ने दावा किया कि उनकी शादी दबाव में हुई थी और शादी के महज 3 महीने के भीतर ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था, क्योंकि दोनों की सोच बिल्कुल अलग थी.  उनके अनुसार, ऐश्वर्या उनके पूजा-पाठ करने पर आपत्ति जताती थीं और घर में अक्सर झगड़े होते थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक बार उन्होंने ऐश्वर्या को उनके किसी पूर्व प्रेमी के साथ चैट करते देखा था.

तेज प्रताप का कहना है कि उन्होंने झगड़े के दौरान कुछ वीडियो बनाए थे जिन्हें अदालत में सबूत के तौर पर पेश किया गया है. हालांकि ये सभी उनके अपने दावे हैं और इनकी कोई निष्पक्ष पुष्टि या अदालत द्वारा प्रमाणिकता अभी सिद्ध नहीं हुई है.

क्या बढ़ सकती हैं कानूनी मुश्किलें?

तेज प्रताप और ऐश्वर्या का तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है, ऐसे में किसी पेंडिंग मामले पर सार्वजनिक रूप से इस तरह की टिप्पणियां करना कानूनी पेंच पैदा कर सकता है. पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकील सर्वदेव के अनुसार, अगर ऐश्वर्या चाहें तो इन बयानों को आधार बनाकर कानूनी कार्रवाई की मांग कर सकती हैं जिसमें मानहानि या अन्य कानूनी विकल्पों पर विचार किया जा सकता है.

हालांकि कानूनी जानकारों का यह भी मानना है कि केवल किसी विचाराधीन मामले पर सार्वजनिक टिप्पणी कर देने भर से स्वतः ही आपराधिक मामला या अदालत की अवमानना साबित नहीं हो जाती. इसके लिए टिप्पणियों की प्रकृति, संबंधित कानून और मामले की पूरी परिस्थितियों की जांच जरूरी होती है. यह पूरी तरह ऐश्वर्या के अगले कदम और अदालत के रुख पर निर्भर करेगा.

तलाक के मामले की अगली तारीख 

तेज प्रताप और ऐश्वर्या की शादी 12 मई 2018 को हुई थी और उसी साल 3 मई को तेज प्रताप ने तलाक की अर्जी दाखिल कर दी थी. दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिशें भी हुईं लेकिन विवाद का कोई समाधान नहीं निकल सका.

इस मामले की सुनवाई 5 अक्टूबर को होनी थी लेकिन एक वकील के निधन के कारण अदालत की कार्यवाही टल गई. अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 नवंबर की तारीख तय की गई है.

निजी जीवन के अन्य विवाद और चर्चाएं

तेज प्रताप यादव का नाम इससे पहले अनुष्का यादव को लेकर भी विवादों में आ चुका है, जहां कभी वे उन्हें सालों से जानने का दावा करते थे तो कभी पहचानने से इनकार कर देते थे. हालांकि अनुष्का से जुड़े मामले और ऐश्वर्या के साथ तलाक के मुकदमे को अलग-अलग कानूनी मुद्दों के रूप में देखा जाना चाहिए. फिलहाल, 'राइज एंड फॉल' शो में की गई इन टिप्पणियों ने उनके निजी जीवन से जुड़े पुराने पन्नों को फिर से खोल दिया है और लोग इस पर अपनी नजरें टिकाए हुए हैं.


 

ये भी पढ़ें: 'मेरे जैसी प्यार करने वाली उनको मिलेगी नहीं... 'राइज एंड फॉल 2' में खेसारी यादव की 'एक्स GF' काजल ने कह दी ये बात