आगरा में बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगी 10 हजार की रिश्वत, विजिलेंस ने दो कर्मचारियों को पकड़ा
ADVERTISEMENT
Agra News: आगरा में बिजली कनेक्शन के लिए रिश्वतखोरी का मामला उजागर हुआ है. विजिलेंस ने दो कर्मचारियों को ₹10,000 लेते गिरफ्तार किया.
आगरा के शमसाबाद स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय में बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है. यहां नए मकान में बिजली कनेक्शन पास कराने के लिए दो कर्मचारियों पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा. शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया.
जानकारी के मुताबिक, अर्जुन नाम के व्यक्ति ने अपने नए मकान में बिजली कनेक्शन के लिए 24 अक्टूबर को आवेदन किया था. निरीक्षण होने के बावजूद उसका कनेक्शन पास नहीं हो रहा था. आरोप है कि इसके बाद विनेश यादव ने बिजली कनेक्शन पास करने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी. शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस टीम को दी, जिसके बाद टीम ने मामले की जांच की.
विजिलेंस टीम ने विद्युत उपखंड कार्यालय में ही दोनों आरोपियों को 10 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया. एसपी विजिलेंस ने लोगों से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें करने की अपील की है.
