लेटेस्ट न्यूज़

कन्नौज में सरकारी आवास के अंदर मिले पति-पत्नी के शव, घायल हालत में मिली बच्ची

कन्नौज के गुरसहायगंज में पुराने सीएचसी के सरकारी आवास में पति-पत्नी के शव मिले. घायल बच्ची अस्पताल में भर्ती है. घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद मिलने से पुलिस के सामने कई सवाल हैं.

ADVERTISEMENT

Kannauj Crime News
Kannauj Crime News
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सरकारी आवास में पति-पत्नी के शव मिलने से हड़कंप मच गया. दोनों के साथ रह रही करीब डेढ़ से दो साल की बच्ची भी घायल अवस्था में मिली है. महिला के गले पर साड़ी या दुपट्टे से कसने के निशान पाए गए हैं. जबकि पति के चेहरे पर चोट के निशान हैं. घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुरुआती तौर पर मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है.

रात के समय हुई थी पति-पत्नी की मौत: पुलिस

घटना कन्नोज गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की है. यहां पुराने सीएचसी के आवास में करीब 32 वर्षीय संजीव कुमार अपनी पत्नी शिखा और दो साल की बेटी के साथ रहते थे. 5 नवंबर की सुबह कमरे में संजीव और शिखा के शव मिले, जबकि बच्ची घायल हालत में पड़ी थी. सूचना मिलने पर एसपी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फील्ड टीम को भी बुलाया गया. एसपी के मुताबिक, पति-पत्नी की मौत रात में किसी समय हुई है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है.

जांच के बाद मामले साफ होगा- पुलिस

इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद होने के बावजूद घटना को अंजाम कैसे दिया गया. एसपी ने बताया कि आवास में दो तरफ दरवाजे हैं. इनमें से एक पर ताला लगा था, जबकि दूसरे की कुंडी अंदर से बंद थी. फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति के घर में आने या बाहर जाने का रास्ता स्पष्ट नहीं हो पाया है. घायल बच्ची इतनी छोटी है कि वह घटना के बारे में कुछ बता नहीं सकती. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पति-पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

ये भी पढ़ें: कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से टकराई ब्रेजा, हालचाल लेने पहुंचे जवानों ने कार के अंदर का नजारा देखा तो रह गए हैरान!