सपा सांसद हरेंद्र मलिक को दिल्ली पुलिस ने रोका, मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने जा रहे थे पार्टी ऑफिस
ADVERTISEMENT
CJP Protest: दिल्ली में CJP प्रदर्शन के चलते जंतर-मंतर के आसपास रास्ते बंद होने से सपा सांसद हरेंद्र मलिक को पुलिस ने रोक दिया. वह मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने पार्टी दफ्तर जा रहे थे.
CJP Protest: दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट के चलते भारी पुलिस बल को तैनात है. पुलिस लगातार आंदोलनकारियों को हिरासत में रही है. इसके साथ ही पुलिस ने प्रदर्शन रोकने के लिए अभिजीत दीपके समेत कई बड़े नेताओं को भी हिरासत में लिया है. इसी बीच, जंतर-मंतर के पास से गुजर रहे समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक को भी पुलिस ने रोक लिया. वह मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पार्टी दफ्तर जा रहे थे, लेकिन रास्ते बंद होने के कारण उन्हें बीच में ही रुकना पड़ा है.
सपा सांसद को पुलिस ने रोका
जंतर-मंतर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है और दिल्ली में तामाम रास्तों को बंद किया गया है. इसी इलाके से समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक गुजर रहे थे. उन्होंने बताया कि आज किसान मसीहा और धरती पुत्र कहे जाने वाले मुलायम सिंह यादव जी की पुण्यतिथि है. वह उन्हें नमन करने और पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए अपने पार्टी दफ्तर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया.
इसे आपातकाल का बड़ा रूप बताया
पुलिस द्वारा रोके जाने पर सांसद हरेंद्र मलिक ने पुलिसकर्मियों से दफ्तर जाने के लिए कोई दूसरा रास्ता बताने को कहा, लेकिन पुलिस ने बताया कि सारे रूट बंद हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने पहले कभी दिल्ली में इतनी सख्त पाबंदियां देखी हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने आपातकाल का समय भी देखा है. सांसद ने मौजूदा हालात को आपातकाल का बड़ा रूप बताया है.
रास्ता बदलकर दफ्तर गए सपा सांसद
पुलिस से बातचीत के दौरान सांसद ने यह बिल्कुल साफ किया कि वह किसी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनने नहीं जा रहे हैं. उनका मकसद सिर्फ मुलायम सिंह यादव जी की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि देना है. सीधा रास्ता बंद होने और पुलिस के स्पष्ट रूप से मना करने के बाद उन्हें मजबूरन वापस लौटना पड़ा. इसके बाद सांसद हरेंद्र मलिक रास्ता डायवर्ट करके दूसरे रास्ते से पार्टी दफ्तर की ओर रवाना हो गए.
