'बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते...' अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन की चर्चा पर ब्रजेश पाठक ने ली चुटकी! UGC और ब्राह्मण समाज पर भी बोले
अयोध्या में आयोजित ‘पंचायत आजतक’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने यूजीसी विवाद, ब्राह्मण समाज की नाराजगी, सनातन संस्कृति और प्रदेश की कानून-व्यवस्था जैसे कई मुद्दों पर अपनी बात रखी.
ADVERTISEMENT

Brajesh Pathak News: अयोध्या में आयोजित ‘पंचायत आजतक’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने यूजीसी विवाद, ब्राह्मण समाज की नाराजगी, सनातन संस्कृति और प्रदेश की कानून-व्यवस्था जैसे कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. उन्होंने यूजीसी से जुड़े मामले में छात्रों को भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. वहीं, समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने पीडीए की राजनीति, परिवारवाद और अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र किया. अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आने के फैसले पर भी उन्होंने तंज कसा.
UGC विवाद पर बोले- किसी छात्र का अहित नहीं होने देंगे
यूजीसी से जुड़े विवाद और केंद्र सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में रखे गए पक्ष पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन है, इसलिए इस पर सीधे टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. हालांकि, उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सर्व समाज के छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर गारंटी दी कि उत्तर प्रदेश के किसी भी छात्र का रत्ती भर भी अहित नहीं होने दिया जाएगा. 23 अगस्त 2026 को आरक्षण हटाओ आंदोलन के प्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बात केंद्र सरकार तक पहुंचाई गई.
ब्राह्मण समाज की नाराजगी की खबरों को किया खारिज
ब्राह्मण समाज की नाराजगी से जुड़े सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने ऐसी खबरों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज पूरी तरह एकजुट है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मजबूती से खड़ा है. उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सनातन संस्कृति अपने चरमोत्कर्ष पर पहुंची है. उन्होंने इसके उदाहरण के तौर पर अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और विंध्याचल में मां के दरबार का जिक्र किया. उनके मुताबिक समाज चाहता है कि सनातन संस्कृति आगे बढ़े. उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार ने ऐसे काम किए हैं, जिनकी कल्पना पिछली सरकारों के कार्यकाल में भी नहीं की जा सकती थी.
कारसेवकों पर गोलीबारी का जिक्र
समाजवादी पार्टी के पीडीए नैरेटिव पर जवाब देते हुए ब्रजेश पाठक ने अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां किसने चलवाई थीं, इसे देश के लोग और सनातन समाज कभी नहीं भूलेंगे और न ही माफ करेंगे. अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल किया कि समाजवादी पार्टी अपने नाम पर वोट क्यों नहीं मांगती? पाठक ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जातिगत समीकरण और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के दायरे में ही काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपने काम और नीतियों के आधार पर जनता से समर्थन मांगना चाहिए.
यह भी पढ़ेंः 'अखिलेश ने कहा था कोई विधायक अयोध्या नहीं जाएगा...' मनोज पांडेय ने बताया सपा छोड़ने का पूरा किस्सा
'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' का दौर खत्म होने का दावा
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब गुंडाराज और 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' का दौर खत्म हो चुका है. उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश भयमुक्त हुआ है और अब बेटियां तथा व्यापारी रात 12 बजे भी सुरक्षित बाहर निकल सकते हैं. पाठक ने कहा कि पहले की सरकारों में अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण मिलता था, लेकिन भाजपा सरकार में स्थिति बदल गई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास किसी सक्रिय माफिया गिरोह की सूचना नहीं है. उनके मुताबिक माफिया या तो जेल में हैं या अपने ठिकाने लगा चुके हैं.
मतदाता सूची से नाम कटने के आरोपों पर क्या बोले?
मतदाता सूची के संशोधन के दौरान नाम काटे जाने के आरोपों और विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर भी ब्रजेश पाठक ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने विपक्ष के विरोध को 'फेस सेविंग' की रणनीति बताया. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी मतदाता का नाम सूची से कट गया है तो उसे हंगामा करने या दिल्ली में प्रदर्शन करने के बजाय फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाना चाहिए. उन्होंने विपक्षी दलों से कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन करने में जितनी ऊर्जा खर्च की गई, उतनी ही मेहनत जनता के बीच जाकर फॉर्म इकट्ठा करने और उन्हें भरवाने में लगाई जाती तो बेहतर होता.
PDA को बताया 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी'
सपा के पीडीए फॉर्मूले और परिवारवाद पर हमला बोलते हुए पाठक ने इसे 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' करार दिया. उन्होंने इसके लिए 'पापी, धोखेबाज और अपराधियों' जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यादव समाज में परिवार के सदस्यों के अलावा दूसरे लोगों को सांसद या विधायक बनने का अधिकार नहीं है? उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां परिवार और पुश्तैनी राजनीति के सहारे चलती हैं. उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है और सपा को अपने राजनीतिक कामकाज के आधार पर जवाब देना चाहिए.
यह भी पढ़ेंः रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव, पवन पांडे ने बताई तारीख
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर कसा तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या आकर राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे. उनके इस दौरे की जानकारी पूर्व मंत्री और सपा नेता पवन पांडे ने दी है. पवन पांडे के मुताबिक अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी मौजूद रहेंगे. वह राम मंदिर में दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी जाएंगे और साधु-संतों तथा महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा, 'बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते.' उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब ट्रेन छूट गई है और उन्हें घर जाने की बात कही. इसके बाद उन्होंने कहा कि अखिलेश अयोध्या आएं, कलावा बांधें, तिलक लगाएं, रामनामी पहनें और राम-राम करें.
विकास के मुद्दे पर विपक्ष को चुनौती
कार्यक्रम के दौरान ब्रजेश पाठक ने भाजपा की विचारधारा और सरकार के कामकाज का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व कल्याण की भावना के साथ काम करती है. उनके मुताबिक सरकार ने सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने के साथ विकास के क्षेत्र में भी काम किया है. उन्होंने विपक्षी दलों को चुनौती दी कि वे अपने कार्यकाल के कामकाज और विकास योजनाओं के आधार पर जनता के बीच जाएं और वोट मांगें. पाठक ने कहा कि अगर विपक्ष अपने पुराने कार्यकाल के कामों को लेकर जनता के सामने आएगा तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी.
