कानपुर में लुटेरी दुल्हन का कारनामा, 2 शादियां छिपाकर की तीसरी शादी, फिर 1 साल बाद पति का घर साफ कर हुई फरार!

ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश के कानपुर में कथित लुटेरी दुल्हन का एक मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपनी दो पुरानी शादियां छिपाकर तीसरी शादी करने और फिर पति के घर से 15 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये कैश लेकर फरार होने का आरोप लगा है.
Kanpur Looteri Dulhan News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में कथित लुटेरी दुल्हन का एक मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपनी दो पुरानी शादियां छिपाकर तीसरी शादी करने और फिर पति के घर से 15 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये कैश लेकर फरार होने का आरोप लगा है. पीड़ित पति ने बर्रा थाने में पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. उसका आरोप है कि जब वह पत्नी की पिछली शादियों के बारे में जानकारी लेकर ससुराल पहुंचा तो वहां उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की गई. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और पत्नी समेत उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है.
2025 में हुई थी तीसरी शादी
बर्रा निवासी विशाल विश्वकर्मा ऑटो फाइनेंस का काम करते हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि साल 2025 में उनकी शादी प्रगति विश्वकर्मा से हुई थी. शादी का पूरा खर्च उन्होंने उठाया था और एक बड़े गेस्ट हाउस में समारोह आयोजित किया था. विशाल के मुताबिक उन्होंने शादी में पत्नी के लिए करीब 15 लाख रुपये के गहने भी बनवाए थे. शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी का व्यवहार बदलने लगा. उनका आरोप है कि प्रगति दिनभर फोन पर किसी से बात करती रहती थी. उन्होंने पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई बदलाव नहीं हुआ. विशाल का आरोप है कि जून 2026 में पत्नी घर से 15 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये कैश लेकर चली गई. उन्होंने पहले उसकी तलाश की, लेकिन ससुराल पक्ष से भी कोई जानकारी नहीं मिली.
यह भी पढ़ें- सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस की आज फिर बैठक, यूपी के इन 26 सीटों का ऑफर दे सकती है अखिलेश की पार्टी!
पहले ही कर चुकी थी 2 शादियां
विशाल के मुताबिक पत्नी के घर से जाने के बाद उन्होंने उसके बारे में जानकारी जुटानी शुरू की. इस दौरान उन्हें पता चला कि प्रगति उनसे पहले भी दो शादियां कर चुकी थी. आरोप है कि प्रगति ने साल 2017 में जूही निवासी सोनू विश्वकर्मा से पहली शादी की थी. इसके कुछ ही महीने बाद जून 2017 में उसने इटावा बजरिया निवासी सुमित बाथम से दूसरी शादी कर ली. विशाल का कहना है कि ये दोनों शादियां आर्य समाज मंदिर में हुई थीं और उनका रजिस्ट्रेशन भी कराया गया था. हालांकि, दोनों पतियों से प्रगति ने तलाक लिया था या नहीं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं मिल सकी. विशाल का आरोप है कि पत्नी ने अपनी पिछली शादियों की बात छिपाकर उनसे तीसरी शादी की.
पति और भाई से मारपीट का आरोप
विशाल ने बताया कि पिछली शादियों की जानकारी मिलने के बाद वह अपने छोटे भाई के साथ पत्नी के मायके पहुंचे. आरोप है कि वहां प्रगति, उसके पिता और भाई समेत परिवार के लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की. इसके बाद विशाल ने बर्रा थाने में शिकायत दी. पुलिस ने करीब तीन महीने बाद उनकी शिकायत पर प्रगति विश्वकर्मा, उसके पिता और अन्य लोगों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है. विशाल का आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर से गायब हो गए.
यह भी पढ़ें- आजम खान के हमलों के बीच आ गया ओवैसी का तगड़ा जवाब, बोले-हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा
पत्नी और परिजनों से पूछताछ जारी
डीसीपी देवेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दी है कि उसकी पत्नी ने पहले की दो शादियां छिपाकर उससे तीसरी शादी की और घर से गहने व कैश लेकर चली गई. इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है. DCP ने बताया कि पत्नी और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
