योगी सरकार ने 14.82 लाख लोगों को दिया दिवाली गिफ्ट, यूपी के सरकारी कर्मचारियों के खाते में आएंगे इतने रुपये
दिवाली से पहले यूपी के करीब 14.82 लाख कर्मचारियों को 6,908 रुपये का बोनस मिलेगा, लेकिन यह फायदा सभी सरकारी कर्मचारियों को नहीं मिलेगा. जानिए किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस और क्या हैं शर्तें.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बोनस मिलेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए राज्य कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा की है. इसके तहत हर पात्र कर्मचारी को 6,908 रुपये मिलेंगे. सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 14 लाख 82 हजार कर्मचारियों को फायदा होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और सरकारी व्यवस्था को बेहतर बनाने में कर्मचारी खूब काम कर रहे हैं. उनकी मेहनत और योगदान को देखते हुए सरकार ने बोनस देने का फैसला किया है. उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों को समय पर बोनस का भुगतान किया जाए, ताकि वे दिवाली से पहले इस रकम का इस्तेमाल कर सकें.
30 दिन के वेतन के आधार पर मिलेगा बोनस
वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, कर्मचारियों को 'उत्पादकता असंबद्ध बोनस' दिया जाएगा. इसकी गणना 30 दिनों की परिलब्धियों के आधार पर होगी. बोनस की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये तय की गई है. हालांकि, पात्र कर्मचारियों को वास्तविक रूप से 6,908 रुपये का लाभ मिलेगा. इस फैसले से सरकारी खजाने पर करीब 1,022 करोड़ रुपये का खर्च आएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवाली खुशियों और एकता का त्योहार है. सरकार चाहती है कि कर्मचारी और उनके परिवार भी इस त्योहार को खुशी से मना सकें. बोनस कर्मचारियों की मेहनत के प्रति सरकार के सम्मान का प्रतीक है.
किन कर्मचारियों को मिलेगा 6,908 रुपये का फायदा?
सरकारी आदेश के अनुसार, बोनस का लाभ राज्य सरकार के पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा. इसमें वे कर्मचारी शामिल हैं, जिनके पद वेतन मैट्रिक्स के लेवल-8 तक हैं. पुराने ग्रेड पे 4,800 रुपये के बराबर है.
इसके अलावा इन कर्मचारियों को भी बोनस का लाभ मिलेगा-
- राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी.
- प्राविधिक शिक्षण संस्थानों में काम करने वाले पात्र कर्मचारी.
- स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारी.
- सरकारी विभागों में कार्यरत कार्यप्रभारित कर्मचारी.
- पात्र दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी.
बोनस का लाभ सिर्फ सचिवालय या सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा. आदेश में शामिल दूसरी श्रेणियों के कर्मचारी भी इसका फायदा उठा सकेंगे.
सभी जिलाधिकारियों को भेजे गए निर्देश
बोनस भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए सभी जिलाधिकारियों और विभागीय प्रमुखों को दिशा-निर्देश भेजे गए हैं. सरकार की ओर से कहा गया है कि भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए.
वित्त विभाग के अनुसार, करीब 14.82 लाख कर्मचारियों को बोनस दिया जाएगा. इसके लिए 1,022 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. सरकार ने दिवाली से पहले कर्मचारियों के खातों में रकम पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.
DA बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों को दूसरी राहत
योगी सरकार की ओर से कर्मचारियों के लिए फैसला महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी के बाद आया है. केंद्र सरकार ने भी 29 सितंबर 2025 को अपने कर्मचारियों के लिए बोनस की घोषणा की थी.
प्रदेश सरकार के इस फैसले से उन कर्मचारियों को फायदा मिलेगा, जो तय पात्रता शर्तों में आते हैं. हालांकि, बोनस पाने के लिए कर्मचारी का संबंधित श्रेणी में होना जरूरी है. सभी सरकारी कर्मचारियों को एक समान रूप से इसका लाभ नहीं मिलेगा.
ये भी पढ़ें- यूपी के विश्वविद्यालयों में रूल बदलेंगे? UGC के नए नियमों पर फिर विचार करेगी केंद्र सरकार
