CM योगी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, लोगों से धर्म और करुणा के रास्ते पर चलने की अपील
Maharishi Valmiki Jayanti: महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है. उन्होंने बताया महर्षि वाल्मीकि की रामायण 'भगवान श्रीराम' के आदर्शों और जीवन मूल्यों की प्रेरणा देती है.
ADVERTISEMENT

Maharishi Valmiki Jayanti: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के खास अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि महर्षि वाल्मीकि ने अपनी महान रचना 'रामायण' के जरिए भगवान श्रीराम के आदर्शों और चरित्र को घर-घर तक पहुंचाया है. सीएम ने लोगों से वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को अपनाते हुए सत्य, धर्म और करुणा के रास्ते पर चलने की अपील की है. इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में वाल्मीकि जी की विरासत को सहेजने के लिए किए गए बड़े कार्यों और राज्यभर में हो रहे विशेष आयोजनों की भी जानकारी दी है.
रामायण से मिलती है सच्ची प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा है कि रामायण हमारी भारतीय संस्कृति और जीवन के आदर्शों का एक अनमोल ग्रंथ है. वाल्मीकि जी का जीवन और उनकी रचनाएं हमें आज भी सच्चाई, धर्म और इंसानियत के रास्ते पर चलने की सीख देती हैं. भगवान राम के जीवन में दिखने वाले समाज भलाई के गुण हमें महर्षि वाल्मीकि जी की बदौलत ही जानने को मिले हैं.
नई पीढ़ी तक पहुंच रही विरासत
सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है. सरकार की पूरी कोशिश है कि महर्षि वाल्मीकि के महान आदर्शों और उनकी इस पुरानी विरासत को आज की नई पीढ़ी तक सही तरीके से पहुंचाया जाए.
चित्रकूट में तपोस्थली का हुआ विकास
वाल्मीकि जी के सम्मान में प्रदेश सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं. चित्रकूट जिले के ललापुर में स्थित महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली का शानदार सुंदरीकरण किया गया है. इसके अलावा अयोध्या में उनके नाम पर भव्य 'महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे' की स्थापना भी की गई है.
प्रदेश के मंदिरों में विशेष आयोजन
महर्षि वाल्मीकि जयंती के इस खास मौके पर पूरे उत्तर प्रदेश में उत्साह का माहौल है. राज्य के अलग-अलग मंदिरों और तीर्थ स्थानों पर रामायण पाठ के साथ-साथ कई तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कामना की है कि यह अवसर प्रदेश में शांति, भाईचारा और समृद्धि लेकर आए.
