लखनऊ मेट्रो में सफर करने वाले ध्यान दें! पुराने 'गो स्मार्ट कार्ड' को फ्री में नए 'NCMC कार्ड' में बदलने के लिए जारी हुआ ये तरीका
Lucknow Metro Card: लखनऊ मेट्रो के पूराने 'गो स्मार्ट कार्ड' को नए 'NCMC कार्ड' से बदलने की सुविधा उत्तर प्रदेश मेट्रो ने शुरू कर दी है. इस सुविधा का लाभ उठाकर यात्री अपना पुराना कार्ड देकर बिल्कुल मुफ़्त में नया कार्ड प्राप्त कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT

Lucknow Metro Card: लखनऊ मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बहुत ही जरूरी खबर है. आज यानी 17 अगस्त 2026 से लखनऊ मेट्रो ने पुराने 'गो स्मार्ट कार्ड' (Go Smart Card) को नए 'NCMC कार्ड' से बदलने की विशेष सुविधा शुरू कर दी है. इस सुविधा का लाभ उठाकर यात्री अपना पुराना कार्ड देकर बिल्कुल मुफ़्त में नया कार्ड प्राप्त कर सकते हैं.
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने जानकारी साझा करते हुए बताया है कि यह ऑफर सिर्फ एक महीने के लिए ही दिया जा रहा है. इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपना कार्ड जरूर बदलवा लें.
केवल एक महीने मिलेगी यह सुविधा
जानकारी के मुताबिक, पुराने गो स्मार्ट कार्ड को नए NCMC कार्ड (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) से बदलने की यह सुविधा 17 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है. यात्रियों को इस बात का खास ध्यान रखना होगा कि कार्ड बदलने का यह मौका केवल 1 महीने के लिए ही उपलब्ध है. इसलिए बिना किसी देरी के अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन पर जाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
लखनऊ मेट्रो के पुराने गो स्मार्ट कार्ड को अब नए NCMC कार्ड से बदलने की सुविधा 17 अगस्त 2026 से शुरू हो रही है। नया कार्ड मुफ़्त में पाने के लिए दिए गए 3 आसान चरणों को अपनाएँ।
— Uttar Pradesh Metro Rail Corporation (@OfficialUPMetro) August 16, 2026
यह सुविधा केवल 1 महीने के लिए उपलब्ध रहेगी। समय रहते अपना कार्ड ज़रूर बदलें।#LucknowMetro #UPMRC #NCMC pic.twitter.com/AdEjWvn48H
तीन आसान चरणों में बदलें कार्ड
पुराने कार्ड के बदले मुफ़्त में नया NCMC कार्ड पाने के लिए यात्रियों को सिर्फ तीन बेहद आसान चरणों को अपनाना होगा, जो इस प्रकार हैं.
पहला चरण (बैलेंस का इस्तेमाल): कार्ड बदलने से पहले अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में बचे हुए पूरे बैलेंस का इस्तेमाल कर लें.
दूसरा चरण (कार्ड सरेंडर करें): इसके बाद मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर जाएं. वहां अपना पुराना कार्ड चेक कराएं और उसे सरेंडर करके अपनी रसीद ले लें.
तीसरा चरण (मुफ़्त में पाएं नया कार्ड): अब अपना पुराना कार्ड और टिकट काउंटर से मिली रसीद को स्टेशन पर मौजूद एयरटेल कियोस्क (Airtel Kiosk) पर जाकर जमा कर दें. वहां से आपको तुरंत नया NCMC कार्ड मुफ़्त में दे दिया जाएगा.
समय रहते अपना कार्ड जरूर बदलें
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे समय सीमा खत्म होने से पहले अपना कार्ड जरूर बदलवा लें. नया NCMC कार्ड कई आधुनिक सुविधाओं से लैस है और पूरे देश में परिवहन के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे आपका सफर और भी ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगा. इसलिए आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपना कार्ड बदलें और आरामदायक यात्रा का आनंद लें.
यह भी पढ़ें: यूपी के इस शहर को जल्द ही ट्रैफिक से मिलेगी आजादी! नए मेट्रो लेन का 99% तक पूरा हुआ ये काम
