दरोगा भर्ती: फिजिकल टेस्ट में इन 5 गलतियों से बचें, वरना हो सकते हैं बाहर
UP SI Bharti Physical Test: दरोगा भर्ती के फिजिकल टेस्ट में कई उम्मीदवार छोटी गलतियों की वजह से बाहर हो जाते हैं. गलत जूते पहनना, तैयारी की कमी, शरीर में पानी की कमी और नियमों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. सही तैयारी और फिटनेस सफलता के लिए बेहद जरूरी है.
ADVERTISEMENT

1/9
उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती की 14 और 15 मार्च को आयोजित लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी हो चुका है. लिखित परीक्षा में सफल हुए हजारों अभ्यर्थी अब फिजिकल टेस्ट की तैयारी में जुट गए हैं. यूपी पुलिस में सेवा देने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए अब सबसे बड़ा पड़ाव शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी फिजिकल टेस्ट माना जा रहा है.

2/9
हर साल कई अभ्यर्थी लिखित परीक्षा पास करने के बावजूद फिजिकल टेस्ट में छोटी छोटी गलतियों की वजह से बाहर हो जाते हैं. ऐसे में उम्मीदवारों को तैयारी के साथ साथ जरूरी सावधानियों का भी ध्यान रखना होगा.

3/9
कई उम्मीदवार जल्दबाजी में बिना वार्मअप किए ही दौड़ शुरू कर देते हैं. इससे शरीर पर अचानक दबाव पड़ता है और चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक फिजिकल टेस्ट से पहले हल्की रनिंग और स्ट्रेचिंग जरूरी होती है.

4/9
अक्सर उम्मीदवार शुरुआत में ही पूरी ताकत लगा देते हैं. इससे कुछ समय बाद सांस फूलने लगती है और स्टैमिना कमजोर पड़ जाता है. ऐसे में शुरुआत से ही संतुलित स्पीड बनाए रखना जरूरी माना जाता है.

5/9
फिजिकल टेस्ट से पहले ज्यादा तला भुना खाना और कम पानी पीना शरीर की क्षमता को प्रभावित कर सकता है. उम्मीदवारों को हल्का और पौष्टिक भोजन लेना चाहिए ताकि शरीर में ऊर्जा बनी रहे.

6/9
कई बार उम्मीदवार नए या टाइट जूते पहनकर पहुंच जाते हैं, जिससे दौड़ के दौरान परेशानी होने लगती है. कुछ अभ्यर्थियों को पैरों में दर्द या छाले तक हो जाते हैं. ऐसे में आरामदायक स्पोर्ट्स शूज और हल्के कपड़े फिजिकल टेस्ट के लिए बेहतर माने जाते हैं.

7/9
तैयारी के दबाव में कई उम्मीदवार पूरी नींद नहीं ले पाते. इसका असर सीधे शरीर की ताकत और स्टैमिना पर पड़ता है. फिजिकल टेस्ट से पहले पर्याप्त नींद और मानसिक रूप से शांत रहना बेहद जरूरी है.

8/9
फिजिकल टेस्ट के दिन एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाती है. कई बार उम्मीदवार जरूरी कागजात भूल जाते हैं, जिसकी वजह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है.

9/9
दरोगा भर्ती में सफलता पाने के लिए सिर्फ लिखित परीक्षा पास करना ही काफी नहीं होता. फिजिकल टेस्ट में फिटनेस, सही रणनीति और सावधानी भी उतनी ही जरूरी होती है. छोटी सी लापरवाही उम्मीदवारों का सपना तोड़ सकती है.
(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रहे हर्ष पाण्डेय ने लिखा है.)