मैनपुरी में बॉयफ्रेंड संग मिलकर शादीशुदा बहन पूजा ने ही कर दी सगे भाई की हत्या, फिर छोटे बच्चे ने खोल दी सारी कहानी
मैनपुरी के कुसमरा में अवैध संबंधों के चलते एक बहन ने अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर भाई करन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात का खुलासा आरोपी महिला के मासूम बेटे के बयान से हुआ, जिसने अपनी मां और उसके प्रेमी को हत्या करते देखा था.
ADVERTISEMENT

1/7
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के कुसमरा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने सगे भाई करन मिश्रा की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि भाई दोनों के अवैध संबंधों में बाधक बन रहा था जिसे रास्ते से हटाने के लिए यह खूनी साजिश रची गई.

2/7
25 वर्षीय मृतक करन मिश्रा अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल कुसमरा छोड़ने आया था. पूजा अपने मायके गई हुई थी और मंगलवार को भाई उसे वापस घर छोड़ने पहुंचा. परिजनों को अंदाजा भी नहीं था कि जिस भाई को वह विदा कर रहे हैं, वह अब कभी लौटकर वापस नहीं आएगा.

3/7
जब करन काफी देर तक अपने घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. बहन पूजा ने बड़ी चतुराई से झूठ बोला कि करन घर से निकल चुका है और जल्द ही पहुंच जाएगा. शक गहराने पर करन के भाई मोहित ने कुसमरा पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी.

4/7
इस मर्डर मिस्ट्री में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पूजा के मासूम बेटे रितिक ने पूरी हकीकत बयां कर दी. बच्चे ने बताया कि आधी रात को जीतू अंकल (जितेंद्र) घर आए थे और उन्होंने मामा करन को गोली मार दी. बच्चे ने यह भी खुलासा किया कि उसकी मां ने इस वारदात में आरोपी की मदद की थी.

5/7
बच्चे के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू को हिरासत में लेकर पूछताछ की.सख्ती बरतने पर उसने कबूल किया कि उसने करन के सिर में गोली मारी और शव को ग्राम धर्मगदपुर के पास झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस ने बताए गए स्थान से लहूलुहान शव बरामद कर लिया.

6/7
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी जितेंद्र और मृतक की बहन पूजा के बीच अवैध प्रेम संबंध थे. करन को इस बात की भनक लग चुकी थी और वह इसका विरोध कर रहा था. इसी विरोध का अंत करने के लिए दोनों ने मिलकर करन को मौत के घाट उतार दिया.

7/7
पुलिस, स्वाट टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
