यूपी चुनाव: क्या पति दयाशंकर के लिए चुनाव प्रचार करेंगी? जानिए स्वाति सिंह ने क्या कहा

लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट पर बीजेपी से टिकट कटने के बाद स्वाति सिंह इन दिनों पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान…

UP Tak

शिल्पी सेन

• 04:51 PM • 09 Feb 2022

follow google news

लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट पर बीजेपी से टिकट कटने के बाद स्वाति सिंह इन दिनों पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान में जुटी हैं. वह कहती हैं कि इस बार अपने लिए नहीं, दूसरे के लिए वोट मांग रही हूं. गौरतलब है कि स्वाति सिंह योगी सरकार में मंत्री हैं.

यह भी पढ़ें...

जब स्वाति सिंह से पूछा गया कि क्या आप अपने पति दयाशंकर सिंह के लिए प्रचार करेंगी? इसके जवाब में उन्होंने यूपी तक से कहा, “उनकी बातचीत से ऐसा लगता था कि वो इतने सशक्त नेता हैं कि उन्हें किसी की जरूरत नहीं है. फिर भी पार्टी की कार्यकर्ता हूं. अगर पार्टी कहेगी तो जाऊंगी.”

क्या टिकट मिलने के बाद आपकी कोई उनसे (दयाशंकर सिंह) से बात नहीं हुई? इस सवाल पर स्वाति सिंह ने कहा, “मैं जब कह रही हूं कि मुझे पार्टी कहेगी, तो जाऊंगी. इसका ये मतलब है कि पार्टी कहेगी, तो उनके प्रचार के लिए जाऊंगी. मैं पार्टी की कार्यकर्ता हूं.”

बता दें कि स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह को इस चुनाव में बीजेपी ने बलिया नगर सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया है.

बातचीत के दौरान जब स्वाति सिंह से पूछा गया कि क्या पारिवारिक विवाद रहा, जिस वजह से आपको टिकट नहीं मिला? इसके जवाब में उन्होंने कहा, “टिकट नहीं मिला ये सही है जो पार्टी ने निर्णय लिया. लेकिन मुझे जो पांच साल का समय मिला, उसमें मैंने पीएम की मंशा के लिए काम किया. मैं सिर्फ सुनती रही हूं. मैंने खुद तो कहा नहीं अपने मुंह से कभी कुछ मैंने नहीं कहा. लेकिन दूसरी तरफ से बहुत सी बातें कही गईं. आपको उनसे पूछना चाहिए. मैं अपनी पर्सनल लाइफ को डिस्कस नहीं करती.”

बीजेपी से टिकट न मिलने पर आपके समाजवादी पार्टी मे जाने की चर्चा थी, इसमें कितनी सच्चाई है? इस पर स्वाति सिंह ने कहा,

“मैंने काम किया है तो बीजेपी छोड़कर क्यों जाऊं. प्रधानमंत्री हों, गृहमंत्री हों, रक्षा मंत्री हों…सभी लोग कार्यकर्ता हैं तभी वहां हैं. मैं बीजेपी का हिस्सा हूं. मैं हमेशा बीजेपी की कार्यकर्ता रहूंगी.”

स्वाति सिंह

सरोजनी नगर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी राजेश्वर सिंह का सहयोग करने के सवाल पर स्वाति सिंह ने कहा, “राजेश्वर जी मुझसे जिस तरह का सहयोग मांगेंगे, मैं करूंगी. पार्टी जो कहेगी वो करूंगी.”

यूपी चुनाव: क्या पत्नी स्वाति दयाशंकर के लिए करेंगी प्रचार? जानिए बीजेपी प्रत्याशी का जवाब