रामचरितमानस विवाद: स्वामी मौर्य पर हमला बोलते हुए साक्षी महाराज ने की अखिलेश की ये तारीफ

अरविंद शर्मा

• 03:22 AM • 23 Feb 2023

Ramcharitmanas controversy: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के नामधारी नेता और उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने समाजवादी पार्टी (सपा)…

UP Tak
Google CTA
Ramcharitmanas controversy: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के नामधारी नेता और उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला. समाजवादी पार्टी पर शब्दबाण चलाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की स्थिति खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे जैसी है. वहीं, रामचरितमानस विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि ‘रामचरितमानस साक्षात भगवान राम का स्वरूप है.’ उन्होंने कहा कि ‘सपा नेताओं ने राम भक्तों का अपमान करके देख लिया है. अगर सपा पार्टी रामचरितमानस की होली जलाना चाहती है, तो उसका परिणाम पहले सोच ले.’

आने वाले समय में समाजवादी पार्टी का नाम नहीं बचेगा: साक्षी महाराज 

यह भी पढ़ें...
उन्नाव सांसद ने कहा कि ‘आने वाले समय में समाजवादी पार्टी का नाम नहीं बचेगा. स्वामी प्रसाद मौर्य सपा में अंतिम कील ठोकने आए हैं.’
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए साक्षी महाराज ने कहा, “अखिलेश को मैं प्यार करता हूं. पढ़ा लिखा बालक है. राष्ट्रीय अध्यक्ष है. लेकिन कुछ लोग अखिलेश यादव की सारी मेहनत पर पानी फेर देते हैं. ये तो अखिलेश को निर्णय लेना है कि रामचरितमानस को लेकर कितना नुकसान उठाना है. मैं उन्हें (अखिलेश यादव) कोई राय नहीं दूंगा. लेकिन मुलायम सिंह ने कहा था कि साक्षी महाराज की बात की कभी अनदेखा मत करना. “

क्या है रामचरितमानस विवाद?

गौरतलब है कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने पिछले महीने 22 जनवरी को श्रीरामचरितमानस की एक चौपाई का जिक्र करते हुए कहा था कि उनमें पिछड़ों, दलितों और महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी हैं, जिससे करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है. लिहाजा इस पर पाबंदी लगा दी जानी चाहिए. मौर्य की इस टिप्पणी को लेकर काफी विवाद उत्पन्न हो गया था. साधु-संतों तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी कड़ी आलोचना की थी. उनके खिलाफ लखनऊ में मुकदमा भी दर्ज किया गया. उनके समर्थन में आए एक संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को श्रीरामचरितमानस के कथित आपत्तिजनक अंश की प्रतियां जलाई थीं.