BJP Rajya Sabha Candidates: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. पार्टी की सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्या सागर सोनकर, गोपी कृष्णा पाण्डेय, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप चौहान और श्रुति गंगवार को जगह मिली है. वहीं, यूपी से राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और हरदीप सिंह पुरी को इस बार टिकट नहीं मिला है. बीजेपी की सूची सामने आने के बाद अब यूपी में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT
OBC और दलित समीकरण पर BJP का फोकस
बीजेपी ने इस बार उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक समीकरण का भी ध्यान रखा है. 8 उम्मीदवारों में 3 OBC, 2 SC और 3 अपर कास्ट से हैं. OBC वर्ग से धर्मपाल सिंह लोधी, प्रकाश पाल और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया गया है. धर्मपाल सिंह लोधी बिरादरी से आते हैं और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं. वहीं प्रकाश पाल पार्टी संगठन में क्षेत्रीय मंत्री हैं और पाल बिरादरी से आते हैं. पाल बिरादरी को OBC समुदाय में माना जाता है और इसे पाल-गडेरिया बिरादरी के तौर पर भी जाना जाता है.
दो दलित चेहरों को भी मिला मौका
पार्टी ने दो दलित चेहरों को भी राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है. इनमें विद्या सागर सोनकर और पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत शामिल हैं. विद्या सागर सोनकर पार्टी में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. वह पूर्व एमएलसी और मछलीशहर से पूर्व सांसद रह चुके हैं. इसके अलावा वह पार्टी के पूर्व महामंत्री भी रहे हैं. प्रियंका सिंह रावत भी बीजेपी की घोषित सूची में शामिल हैं और पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए मौका दिया है.
3 अपर कास्ट चेहरों में 2 ब्राह्मण और 1 राजपूत
बीजेपी के 8 उम्मीदवारों में 3 चेहरे अपर कास्ट से हैं. इनमें राम प्रताप सिंह चौहान, राधाकांत ओझा और गोपी कृष्णा पाण्डेय शामिल हैं. इनमें राधाकांत ओझा और गोपी कृष्णा पाण्डेय ब्राह्मण हैं, जबकि राम प्रताप सिंह चौहान राजपूत हैं. इस तरह पार्टी की सूची में कुल 2 ब्राह्मण और 1 राजपूत चेहरे को जगह मिली है. इसके अलावा 8 उम्मीदवारों में 2 महिला चेहरे भी शामिल हैं.
6 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख
बीजेपी की ओर से उम्मीदवारों के नाम घोषित होने के साथ ही राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी. सभी घोषित उम्मीदवार जल्द ही अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि राज्यसभा चुनाव के लिए 16 अक्टूबर को वोटिंग होगी. बीएल वर्मा और हरदीप सिंह पुरी का नाम सूची में नहीं होने से भी राजनीतिक हलकों में चर्चा है. बीजेपी की 8 उम्मीदवारों वाली सूची में संगठन, सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है.
यह भी पढ़ें- यूपी से भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशियों का ऐलान, धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा समेत 8 नेताओं को मिला टिकट
ADVERTISEMENT











