उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट और नवनिर्वाचित सांसद धनराज नथवानी ने जीत का प्रमाण पत्र मिलने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "नामांकन दाखिल करने से लेकर आज निर्वाचन का प्रमाण पत्र प्राप्त करने तक इस पूरी यात्रा में मेरा समर्थन करने वाले सभी लोगों का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. मीडिया और सोशल मीडिया के सभी मित्रों का विशेष धन्यवाद, जिन्होंने इस नई जिम्मेदारी के लिए मेरा गर्मजोशी, उत्साह और सद्भावना के साथ स्वागत किया."
ADVERTISEMENT
नथवानी ने आगे लिखा, "मैं उन लोगों का भी समान रूप से आभारी हूं जिन्होंने मेरी उम्मीदवारी पर सवाल उठाए, आलोचना की या विरोध किया. आपकी आलोचना ने समाज के लिए बड़े पैमाने पर अधिक मेहनत करने, पूरी निष्ठा से सेवा करने और सार्थक परिणाम देने के मेरे संकल्प को और मजबूत किया है."
गौरतलब है कि नथवानी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मार्गदर्शन में काम करने और राज्यसभा में उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े उनके प्रगतिशील विजन को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही है.
सपा-भाजपा के सभी 10 उम्मीदवार हुए थे निर्विरोध निर्वाचित
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के तहत समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी शामिल थे. वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने 8 उम्मीदवार धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्णा पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार मैदान में उतारे थे. सपा द्वारा तीसरा उम्मीदवार न उतारने के कारण किसी प्रकार का मुकाबला नहीं हुआ और सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए, जिसके बाद मंगलवार को प्रमाण पत्र वितरण की प्रक्रिया पूरी हुई.
कौन हैं धनराज नथवानी?
धनराज परिमल नथवानी का लंबा पेशेवर जुड़ाव रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) से रहा है. वह कंपनी में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और गुजरात के जामनगर स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से जुड़े हैं. उनका रिलायंस इंडस्ट्रीज में कुल कार्यकाल 16 साल का है.
वह अक्टूबर 2010 से फरवरी 2015 तक सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और मार्च 2015 से जनवरी 2019 तक ग्रुप सीनियर वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. फरवरी 2019 से वह ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर हैं. इसके अलावा, वह जनवरी 2022 से रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड और अक्टूबर 2020 से रिलायंस प्रोजेक्ट्स एंड प्रॉपर्टी मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड में निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं.
उनके पिता परिमल नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में डायरेक्टर (कॉर्पोरेट अफेयर्स) हैं और उद्योगपति मुकेश अंबानी के करीबी सहयोगियों में गिने जाते हैं. परिमल नथवानी खुद भी राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में झारखंड से राज्यसभा सांसद हैं.
ADVERTISEMENT











