SBSP विधायक अब्बास अंसारी ने धुर विरोधी मुनव्वर मुर्गा को बनाया अपना प्रतिनिधि, कौन हैं ये?

यूपी के मऊ में 2027 चुनाव से पहले सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने अपने राजनीतिक विरोधी मुनव्वर मुर्गा को अपना अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त किया है. जानें इस फैसले के पीछे की पूरी कहानी.

SBSP MLA Abbas Ansari

SBSP MLA Abbas Ansari

Google CTA

मऊ में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच अचानक राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदलता दिख रहा है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक अब्बास अंसारी ने अपने धुर राजनीतिक विरोधी रहे मुनव्वर मुर्गा को सार्वजनिक रूप से अपना प्रतिनिधि कर दिया है. मुनव्वर मुर्गा ने अब्बास अंसारी के प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

हालिया मुन्नवर ने क्यों की थी अब्बास अंसारी का आलोचना?

यह पूरा मामला 28 सितंबर का है. जब दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के डोमनपुरा इस्लामाबाद इलाके में शादी के टेंट लगाते वक्त हाईटेंशन लाइन की जद में आने से तीन लोगों की जान चली गई थी और दो लोग झुलस गए थे. इसी हादसे में मारे गए और घायल हुए लोगों के परिजनों से मिलने अब्बास अंसारी पहुंचे थे.

इस दौरान अब्बास अंसारी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रमुख अखिलेश यादव की तरफ से मृतकों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए. इसके साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी मदद का आश्वासन दिया. तब घटनास्थल पर देर से पहुंचने के लिए मुन्नवर मुर्गा ने अब्बास अंसारी की आलोचना की थी.  

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद जब मीडियाकर्मियों ने अब्बास से मुनव्वर मुर्गा द्वारा की गई आलोचना पर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा कि विरोध, नाराजगी और गुस्सा लोकतंत्र का एक अंग हैं.

अब्बास ने मुनव्वर को अपना भाई बताते हुए कहा कि उनका रिश्ता नया नहीं, बल्कि उनके पिता के दौर से चला आ रहा है. इसी बातचीत के दौरान अब्बास ने अचानक घोषणा करते हुए कहा, "मैं आज से मुनव्वर को अपना अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त करता हूं."

विधायक के इस ऐलान पर मुनव्वर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे इसका लिखित पत्र जारी कर दें. मुनव्वर ने कहा कि वे जनता के मुद्दों को विधायक तक पहुंचाने का काम करेंगे. इसके साथ ही उन्होंने अपने लिए लेटर पैड और क्षेत्र में विधायक का एक दफ्तर खोलने की मांग भी रख दी.

अब्बास के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं मुनव्वर

मुनव्वर मुर्गा फिलहाल AIMIM के स्थानीय नेता के तौर पर सक्रिय हैं. इससे पहले वे 2022 के विधानसभा चुनाव में मऊ सदर सीट से पीस पार्टी के बैनर तले अब्बास अंसारी के विरुद्ध चुनाव मैदान में उतरे थे, जहां उन्हें 2,406 वोट मिले थे. इसके बाद साल 2023 के मऊ नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में भी उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भाग लिया था और उन्हें 411 वोट हासिल हुए थे.

मुनव्वर अक्सर सोशल मीडिया पर स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं. हादसे के बाद भी उन्होंने अब्बास के देर से पहुंचने पर सवाल खड़े किए थे. ऐसे में उनके जैसे घोर विरोधी को ही अपना प्रतिनिधि चुन लेने का अब्बास का यह कदम अब सुर्खियों में है.

पीड़ितों के लिए नौकरी की मांग और आगे का सियासी समीकरण

इस मौके पर अब्बास अंसारी ने पीड़ित पांचों परिवारों के एक-एक सदस्य के लिए सरकारी नौकरी की मांग रखी. उन्होंने कहा कि आगामी शीतकालीन सत्र से पहले ही इन्हें नौकरियां दी जानी चाहिए, और यदि उन्हें सदन में बोलने का अवसर मिला तो वे इस विषय को प्रमुखता से उठाएंगे.

अब देखना यह होगा कि मुनव्वर मुर्गा औपचारिक रूप से कागजों में अब्बास अंसारी के प्रतिनिधि बनते हैं या यह केवल एक तात्कालिक राजनीतिक मेल-मिलाप बनकर रह जाता है. हालांकि, 2027 के चुनाव से पहले अब्बास और मुनव्वर की यह अचानक बढ़ी नजदीकियां मऊ के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं.

ये भी पढ़ें: कौन होगा सपा का तीसरा राज्यसभा उम्मीदवार? अब्बास अंसारी और अखिलेश यादव की मीटिंग के क्या हैं मायने?