अमेठी की गौरीगंज विधानसभा सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह अब भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं. 14 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे. गौरीगंज में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. राकेश प्रताप सिंह ने खुद 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होने की घोषणा की है.
ADVERTISEMENT
मंगलम भवन में होगा सदस्यता कार्यक्रम
राकेश प्रताप सिंह के गौरीगंज स्थित निजी आवास मंगलम भवन में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है. कार्यक्रम को बड़ा बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज हैं. इसमें भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है. रिपोर्टों के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत कई बड़े नेताओं के पहुंचने की तैयारी है.
कल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देंगे कार्यक्रम की जानकारी
राकेश प्रताप सिंह 9 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसमें भाजपा में शामिल होने के कार्यक्रम से जुड़ी पूरी जानकारी दे सकते हैं. सदस्यता कार्यक्रम में कौन-कौन से नेता शामिल होंगे और आयोजन का स्वरूप क्या होगा, इसे लेकर भी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
राज्यसभा चुनाव में सपा से हुई थी बगावत
राकेश प्रताप सिंह लंबे समय से समाजवादी पार्टी से अलग रुख अपनाए हुए थे. 2024 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करने वाले सपा विधायकों में उनका नाम आया था. इसके बाद जून 2025 में समाजवादी पार्टी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था. उनके साथ रायबरेली के मनोज पांडेय और अयोध्या के अभय सिंह को भी पार्टी से बाहर किया गया था.
तीन चुनाव से गौरीगंज में कायम है पकड़
राकेश प्रताप सिंह ने 2012 में पहली बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर गौरीगंज विधानसभा सीट से चुनाव जीता था. इसके बाद 2017 और 2022 में भी उन्होंने जीत दर्ज की. 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें 79,040 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी चंद्रप्रकाश मिश्रा मटियारी को 72,077 वोट मिले थे.
ये भी पढ़ें - सुल्तानपुर में सिंगर संयज यदुवंशी के घर कूदी पुलिस, 'भड़ककर' अखिलेश यादव ने कह दी ये बात
ADVERTISEMENT











