राष्ट्रपति चुनाव: BJP-SBSP के बीच दिखी ‘गर्मजोशी’, राजभर बोले- ‘मुर्मू जीतने जा रही हैं’

यूपी तक

• 09:42 AM • 18 Jul 2022

राष्ट्रपति चुनाव (Presidential election) में मतदान के दौरान सोमवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) और समाजवादी पार्टी (SP) के सहयोगी दल…

UPTAK
follow google news

राष्ट्रपति चुनाव (Presidential election) में मतदान के दौरान सोमवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) और समाजवादी पार्टी (SP) के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) के बीच विधानसभा में काफी ‘गर्मजोशी’ दिखी.

यह भी पढ़ें...

मतदान करने जाने से पहले दोनों नेताओं ने मीडियाकर्मियों को मुस्कुराते हुए देखा. राजभर ने कहा, “द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) जी राष्ट्रपति चुनाव जीतने जा रही हैं, दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर गुजरता है. वह भारी बहुमत से जीतने जा रही हैं.”

पाठक ने कहा, “सभी जनप्रतिनिधियों ने फैसला किया है कि वे एक आदिवासी बहन को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर देखना चाहते हैं. सभी मतदाताओं को धन्यवाद, जिन्होंने अंतरात्मा की आवाज सुनी है, और द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है या उन्हें वोट देंगे. उन्हें सभी दलों का समर्थन है. “

सुभासपा अध्यक्ष के साथ गाजीपुर के जकनियां से पार्टी विधायक बेदी भी मौजूद थे. राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार को अपनी पार्टी के समर्थन की घोषणा की थी, जो भाजपा विरोधी विपक्षी गठबंधन में दरार का संकेत है, क्योंकि विपक्ष प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन कर रहा है. सुभासपा सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन का हिस्सा हैं.

राजभर ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) , राष्ट्रपति चुनाव में राजग की उम्मीदवार मुर्मू तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील पर उनका (मुर्मू का) समर्थन करने का फैसला किया है.

सुभासपा प्रमुख ने स्पष्ट किया था कि सपा के साथ उनकी पार्टी का गठबंधन बरकरार है और वह गठबंधन से अलग नहीं हो रहे हैं. राजभर ने कहा था, ‘मैं अभी भी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में हूं। राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रही है.’ उत्तर प्रदेश विधानसभा में सुभासपा के छह विधायक हैं, जिनमें राजभर भी शामिल हैं.

उल्लेखनीय है कि 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सुभासपा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ थी और राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद सत्ता में शामिल भी हुई थी लेकिन बाद में पार्टी (सुभासपा) सरकार से अलग हो गयी थी.

(भाषा के इनपुट्स के साथ)

तस्वीरें: लखनऊ में CM योगी ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए विधान भवन में किया मतदान

    follow whatsapp
    Main news