Sanjay Yadav News: सुल्तानपुर जिले में अवधी गायक और यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर देर रात हुई पुलिस दबिश का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. धमौर थाना क्षेत्र के उघड़पुर (अहिरन का पुरवा) गांव में पुलिस टीम संजय यदुवंशी की तलाश में पहुंची थी. लेकिन वह घर पर नहीं मिले. इसके बाद परिजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मी दीवार कूदकर घर में घुसे और अभद्रता की. मामले में नया मोड़ तब आया जब संजय के पिता सियाराम यादव ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पुलिस उनके बेटों संजय और शिवा का एनकाउंटर करना चाहती है. इस मामले में अब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का बयान सामने आया है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
इस पूरे घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पुलिस की कार्रवाई पर सीधा हमला बोला. अखिलेश यादव ने लिखा, "जैसे सत्ताधारी वैसे अधिकारी", और सवाल उठाया कि नैतिकता की सीमा लांघकर व निजता का अतिक्रमण करने वाली यूपी पुलिस का यह व्यवहार किससे प्रेरित है, यह सब जानते हैं. अखिलेश के इस हमले के बाद संजय यदुवंशी ने भी पोस्ट कर अपनी बात रखी. संजय ने कहा कि उनके ऊपर धारा 307 का कोई मुकदमा नहीं है और वह कोई अपराधी नहीं हैं, बल्कि उन्हें अपराधी बनाया जा रहा है. इसके साथ ही संजय ने 9 तारीख (शुक्रवार) को सुबह 10 बजे सुल्तानपुर के तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठने का ऐलान कर दिया है.
पुलिस ने कही ये बात
दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों को असत्य और निराधार बताया है. पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को अमहट निवासी जफरुल हसन की तहरीर पर नगर कोतवाली में संजय यदुवंशी, शिवा यदुवंशी और अन्य के खिलाफ मारपीट व जानलेवा हमले (धारा 307) सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभियुक्त संजय यदुवंशी के खिलाफ पूर्व से भी 4 मुकदमे पंजीकृत हैं और उनके खिलाफ जारी वारंट की तामील व अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के तहत ही पुलिस टीम घर पहुंची थी. फिलहाल पुलिस संजय की तलाश कर रही है और मामले में वैधानिक जांच जारी है.
यहां देखें वीडियो रिपोर्ट
ADVERTISEMENT











