Pallavi Patel and Ajham Ahmed Meeting: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत के बाद प्रयागराज की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बनीं पल्लवी पटेल ने अतीक अहमद के चौथे बेटे अजहम अहमद से मुलाकात की है. पल्लवी ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर शेयर किया है. वीडियो में वह अजहम से बातचीत करती और उसे ढांढस बंधाती नजर आ रही हैं. अजहम के चेहरे पर उदासी दिखाई देती है और वह अपने परिवार से जुड़ी परेशानियों के बारे में पल्लवी पटेल को बताते हुए नजर आता है.
ADVERTISEMENT
अजहम से मिलीं पल्लवी पटेल
वीडियो में पल्लवी पटेल अजहम अहमद की बातें काफी ध्यान से सुनती दिखाई देती हैं. बातचीत के दौरान अजहम अपने परिवार की स्थिति का जिक्र करता है. मुलाकात खत्म होने के बाद अजहम खुद पल्लवी पटेल को उनकी गाड़ी तक छोड़ने पहुंचता है. गाड़ी में बैठने से पहले पल्लवी उसके कंधे पर हाथ रखकर उसे हिम्मत देती नजर आती हैं.
इंस्टाग्राम पर पल्लवी ने शेयर किया पोस्ट
मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए पल्लवी पटेल ने लिखा 'पूर्व सांसद मरहूम जनाब अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के उपरांत उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की. तथागत गौतम बुद्ध जी से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दे.' पल्लवी की अजहम से मुलाकात का वीडियो सामने आने के बाद प्रयागराज से लेकर यूपी की सियासत तक इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
झांसी जा रहा था अबान
अबान अहमद 6 अगस्त को प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने के लिए जा रहा था. इसी दौरान झांसी-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी, जिनमें राजू खान और अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद शामिल था. अबान की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार में जेल में बंद दोनों भाइयों को शामिल कराने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में पेरोल की अर्जी दाखिल की गई थी. इसमें लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद और झांसी जेल में बंद अली अहमद को जनाजे में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की गई थी.
पिता की कब्र के पास दफन हुआ अबान
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 7 अगस्त को कुछ शर्तों के साथ उमर अहमद और अली अहमद को अबान के जनाजे में शामिल होने की अनुमति दी. इसके बाद 8 अगस्त को दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान लाया गया. इसी कब्रिस्तान में अबान अहमद को सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जहां अतीक अहमद समेत उसके परिवार की पांच कब्रें पहले से मौजूद हैं. अबान की कब्र उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास खोदी गई. अब पल्लवी पटेल के अजहम से मिलने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद यूपी की सियासत में इस मुलाकात को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है.
ADVERTISEMENT











