MOTN Survey 2026: उत्तर प्रदेश की सियासत हमेशा देश की सत्ता का फैसला करती आई है. ऐसा कहा जाता है कि जो 80 लोकसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश को फतह करता है, उसका दिल्ली की गद्दी का रास्ता आसान हो जाता है. साल 2024 के लोकसभा चुनाव के वक्त भारतीय जनता पार्टी ने अपने दम पर 400 सीटें जीतने का दावा किया था. मगर जब नतीजे आए तो भगवा दल को करारा झटका लगा. भाजपा 240 सीटों पर सिमट गई. बहुमत का आंकड़ा भी नहीं छू पाई. यूपी में इंडिया गठबंधन के तहत सपा और कांग्रेस ने मिलकर 80 में से 43 सीटें जीती थीं. वहीं, भाजपा की अगुवाई वाला NDA 37 सीटों पर सिमट गया था. यूपी में हुए नुकसान की कीमत भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा छूने में चुकाई थी.
ADVERTISEMENT
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मौजूदा वक्त में देश का सियासी माहौल कैसा है? अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो यूपी में किसका पलड़ा भारी रहेगा? क्या जनता सीएम योगी के बुलडोजर मॉडल पर मुहर लगाएगी या यूपी में इंडिया गठबंधन को लीड कर रहे सपा चीफ अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को फिर से सिर आंखों पर बिठाएगी? इस बात का जायजा इंडिया टुडे और C वोटर के 'मूड ऑफ द नेशन' (MOTN) के लेटेस्ट सर्वे (अगस्त 2026) के आंकड़ों में मिला है. देखें सर्वे के आंकड़े क्या तस्वीर पेश कर रहे हैं.
भाजपा को कितनी सीट मिलने का अनुमान?
MOTN के लेटेस्ट सर्वे के अनुसार, अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो यूपी में भाजपा 80 में से 34 सीटें जीत सकती है. मालूम हो कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 33 सीटें जीती थीं. यानी भाजपा को आज की तारीख में 1 सीट का फायदा है. वहीं, अगर पिछले MOTN सर्वे की बात करें जो जनवरी 2026 में आया था तब भाजपा को 80 में से 44 सीटें मिलने का अनुमान था. इस हिसाब से भाजपा को अब 10 सीटों के नुकसान का अनुमान है.
क्या है भाजपा के साथियों की स्थिति?
MOTN के इस लेटेस्ट सर्वे में भाजपा की सहयोगी पार्टियों को 4 सीटें मिलने का अनुमान है. पिछले सर्वे में भी यूपी में भाजपा के सहयोगियों को 4 सीटें मिलने की बात कही गई थी. गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) को 1 सीट जबकि राष्ट्रीय लोक दल को 2 सीटें मिली थीं. तो इस हिसाब से MOTN के ताजा आंकड़ों में यूपी में NDA को 80 में से 38 सीटें मिलने का अनुमान है.
कांग्रेस को फायदा या नुकसान
MOTN के इस लेटेस्ट सर्वे के आंकड़े कांग्रेस के लिए खुशखबरी लाए हैं. सर्वे के मुताबिक, अगर आज यूपी में लोकसभा चुनाव होते हैं तो कांग्रेस 80 में से 11 सीटें जीत सकती है. 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने यूपी में 6 सीटें जीती थीं. इस हिसाब से कांग्रेस को 5 सीटों का फायदा है. वहीं, पिछले MOTN सर्वे में कांग्रेस को मात्र 2 सीटें मिलने का अनुमान था, जो इस बार बढ़कर 11 तक पहुंच गया है. इस लिहाज से कांग्रेस को पिछले MOTN सर्वे के मुकलाबले 9 सीटों का फायदा है.
इंडिया गठबंधन की पार्टी सपा को कितनी सीटें मिलने का अनुमान?
MOTN के इस लेटेस्ट सर्वे में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी को 30 सीटें मिलने का अनुमान था. पिछले सर्वे में सपा को 29 सीट मिलने की बात सामने आई थी. इस हिसाब से पिछले सर्वे के मुकालबे सपा को 1 सीट का फायदा है. वहीं, 2024 में सपा ने 37 सीटें जीती थीं. लोकसभा चुनाव के नतीजों के बरक्स सपा को 7 सीटों का नुकसान है. तो इस हिसाब से MOTN के ताजा आंकड़ों में यूपी में इंडिया गठबंधन को 80 में से 41 सीटें मिलने का अनुमान है.
कैसे किया गया सर्वे?
देश के सभी राज्यों और लोकसभा क्षेत्रों में 1 जुलाई 2026 से 25 अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग आयु वर्ग, जाति, धर्म और लिंग के 25,184 वयस्कों से उनकी राय पूछी गई.
इसके अलावा पिछले 24 हफ्तों में 91,795 लोगों से ली गई राय का विश्लेषण भी सर्वे में शामिल किया गया. इस तरह कुल मिलाकर 1,16,644 लोगों की राय के आधार पर जनता का मूड समझने की कोशिश की गई है. सर्वे के आंकड़ों में मोटे तौर पर 3 फीसदी और बारीक स्तर पर 5 फीसदी तक का मार्जिन ऑफ एरर हो सकता है.
(डिस्क्लेमर: यह सर्वे के आंकड़ों पर आधारित अनुमान हैं, इन्हें चुनाव का अंतिम परिणाम न माना जाए. वास्तविक चुनाव परिणाम इससे अलग हो सकते हैं.)
ये भी पढ़ें: Survey: यूपी चुनाव से पहले ताजा सर्वे, वोट शेयर में किसे बढ़त?
ADVERTISEMENT











