उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जिन आठ नामों का ऐलान किया है, उनमें प्रकाश पाल भी शामिल हैं. पार्टी ने उन्हें ऐसे समय राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है, जब वह बीजेपी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं. जून 2026 में ही उन्हें ये जिम्मेदारी दी गई थी.
ADVERTISEMENT
कानपुर-बुंदेलखंड से प्रदेश संगठन तक का सफर
प्रकाश पाल बीजेपी के संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं. वह कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. जून 2026 में प्रदेश संगठन में बदलाव के दौरान उन्हें इस पद से हटाकर बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया. उनकी जगह कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की जिम्मेदारी रामकिशोर साहू को दी गई थी.
इसके बाद प्रकाश पाल की जिम्मेदारी सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रही. पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उन्हें पूरे उत्तर प्रदेश में ओबीसी समाज के बीच पार्टी के संगठन और संपर्क से जुड़े काम की जिम्मेदारी मिली.
पाल बिरादरी से आते हैं प्रकाश पाल
प्रकाश पाल... पाल बिरादरी से आते हैं, जिसे ओबीसी समुदाय में माना जाता है. राज्यसभा उम्मीदवारों की बीजेपी की मौजूदा सूची में ओबीसी, दलित और सामान्य वर्ग के अलग-अलग सामाजिक समूहों से जुड़े चेहरे शामिल हैं.
प्रकाश पाल का नाम इस सूची में ओबीसी चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है. उनके साथ धर्मपाल सिंह लोधी बिरादरी से आते हैं, जबकि उम्मीदवारों की सूची में अन्य सामाजिक समूहों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है.
प्रकाश पाल समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले पर भी सवाल उठाते रहे हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में बीजेपी को पिछड़े और दलित वर्गों के हितों से जोड़कर अपनी पार्टी का पक्ष रखते रहे हैं.
भाजपा के आठ उम्मीदवारों में कौन-कौन?
बीजेपी की ओर से जारी आठ नामों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं. इनमें प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार महिला उम्मीदवार हैं.
महिला प्रतिनिधित्व के साथ बीजेपी ने उम्मीदवारों की सूची में सामाजिक समीकरण का भी ध्यान रखा है. सूची में 3 ओबीसी, 2 एससी और 3 सामान्य वर्ग के चेहरे हैं. ओबीसी में लोधी, पाल और कुर्मी प्रतिनिधित्व बताया गया है, जबकि सामान्य वर्ग में दो ब्राह्मण और एक राजपूत चेहरा शामिल है.
ये भी पढ़ें - भाजपा ने राज्यसभा के लिए 2 महिलाओं को बनाया उम्मीदवार, प्रियंका रावत और श्रुति गंगवार कौन हैं?
ADVERTISEMENT











