बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के पूर्व नेता लालजी वर्मा और रामअचल राजभर ने अंबेडकरनगर में आगामी सात नवंबर को आयोजित होने जा रही रैली के दौरान समाजवादी पार्टी (एसपी) में शामिल होने का ऐलान किया है.
ADVERTISEMENT
वर्मा और राजभर को बीएसपी प्रमुख मायावती ने पिछली तीन जून को पंचायत चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया था.
वर्मा ने एसपी राज्य मुख्यालय पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “हम यहां आगामी सात नवंबर को अंबेडकरनगर में आयोजित होने जा रही सत्ता परिवर्तन जनादेश रैली में एसपी अध्यक्ष को न्योता देने आए हैं. इस रैली में हम अपने समर्थकों के साथ औपचारिक रूप से एसपी में शामिल होंगे.”
लालजी वर्मा अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट से और राम अचल राजभर अकबरपुर सीट से विधायक हैं. इन दोनों ही नेताओं को कभी बीएसपी प्रमुख मायावती का बेहद करीबी माना जाता था.
राजभर बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष थे और वर्मा राज्य विधानसभा में बीएसपी विधायक दल के नेता थे. ये दोनों ही साल 2007 से 2012 तक रही बीएसपी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं.
वर्मा ने संवाददाताओं से कहा, “मैं पिछले 25 वर्षों तक और राम अचल राजभर 35 वर्षों तक बीएसपी में रहे. हम दोनों ही बीएसपी के समर्पित कार्यकर्ता थे लेकिन हमें तीन जून को पार्टी से निकाल दिया गया. उस वक्त मैं कोविड-19 संक्रमण से जूझ रहा था और पूरी तरह ठीक नहीं हो पाया था.”
वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बीजेपी के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है और प्रदेश में एसपी ही उसका एकमात्र विकल्प है.
एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मौके पर वर्मा और राजभर का स्वागत करते हुए कहा कि एसपी का कारवां रोजाना बढ़ रहा है.
अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ”जिस तरह से मंहगाई, बेरोजगारी बढ़ी, घोषणा पत्र पूरा नहीं किया गया. धान की कीमत नहीं मिली, बारिश से फसल बर्बाद हुई, बीजेपी ने कोई मदद नहीं की.”
इसके अलावा उन्होंने कहा कि जब इलाज, ऑक्सीजन और दवाई चाहिए थी तब सरकार कहां थी, आज मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन हो रहा है, बाकी कॉलेज को पूरा बजट क्यों नहीं दिया जा रहा.
(भाषा और अभिषेक मिश्रा के इनपुट्स के साथ)
PM मोदी ने यूपी को सौंपे 9 नए मेडिकल कॉलेज, विस्तार से जानें पूरा प्रोजेक्ट
ADVERTISEMENT











