उत्तर प्रदेश के गोंडा में मंगलवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए निशाना साधा. उन्होंने धार्मिक आयोजनों के विरोध के तरीके की तुलना पुराने समय में यज्ञ में बाधा डालने वाले राक्षसों से की.
ADVERTISEMENT
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पहले राक्षस और दैत्य यज्ञ में हड्डियां डालकर विघ्न पैदा करते थे, लेकिन अब विरोध का तरीका बदल गया है. अब यज्ञ में हड्डियां नहीं डाली जातीं, बल्कि सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर विरोध किया जाता है.
धीरेंद्र शास्त्री गोंडा में राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में शामिल होने पहुंचे थे. उनके इस बयान को अखिलेश यादव की हालिया सोशल मीडिया पोस्ट और धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग से जोड़कर देखा जा रहा है.
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश ने जताया था विरोध
दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री के हालिया बयानों को लेकर अखिलेश यादव लगातार आपत्ति जता रहे हैं. विवाद की शुरुआत भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना से जुड़े धीरेंद्र शास्त्री के बयान के बाद हुई थी. इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हुई थी.
3 नवंबर को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धीरेंद्र शास्त्री के एक दूसरे बयान को लेकर भी नाराजगी जताई थी. उन्होंने संबंधित व्यक्ति के कार्यक्रम रद्द करने की मांग की थी. अखिलेश ने लिखा था कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में ऐसे सभी कार्यक्रम रद्द किए जाने चाहिए.
5 नवंबर को सपा प्रमुख ने एक और पोस्ट कर नवंबर और दिसंबर में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में होने वाले धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों पर सवाल उठाए थे. उन्होंने अंबेडकरनगर, कुंडा, गोंडा, झांसी, लखनऊ और आगरा में प्रस्तावित आयोजनों का जिक्र करते हुए सरकार और प्रशासन से अपील की थी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले विवादित लोगों को कार्यक्रम करने की अनुमति न दी जाए.
अखिलेश यादव की इस मांग के बाद धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी हुई. खासकर प्रतापगढ़ के कुंडा में होने वाली रामकथा को लेकर विवाद सामने आया. जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने वहां कथा का आयोजन कराया है.
ये भी पढ़ें- 'कुछ लोग मुझे आने नहीं दे रहे', राजा भैया की पत्नी भान्वी सिंह ने श्रीराम कथा में शामिल होने की जताई इच्छा
ADVERTISEMENT











