समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े (Vinod Tawde) पर तीखा हमला बोला. तावड़े की ओर से सपा के चर्चित PDA फॉर्मूले को नए अंदाज में पेश किए जाने पर अखिलेश यादव ने उन्हें 'पागल' तक कह दिया.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा दूसरे के धन को अपना बनाने का तरीका ज्यादा अच्छी तरह जानती है. उनका बयान तावड़े के उस बयान के एक दिन बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा सपा के PDA फॉर्मूले को चुनौती देगी.
'P' से प्रभारी भी और पागल भी
बिधूना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने तावड़े पर तंज कसते हुए कहा कि नए प्रभारी का आना अच्छी बात है. उन्होंने कहा कि 'P' का मतलब प्रभारी भी है और 'P' का मतलब पागल भी.
तावड़े ने PDA को 'पराया धन अपना' के रूप में पेश किया था. इसी पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा को अच्छी तरह पता है कि किसी और की संपत्ति को अपना कैसे बनाया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को पार्टी के पैसे को अपना बनाने का तरीका भी पता है.
'2027 में सपा गठबंधन की सरकार बनेगी'
अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि सपा और उसके सहयोगी दल अगली सरकार बनाएंगे. उनका दावा है कि भाजपा के नेताओं ने अब 'पैकिंग' शुरू कर दी है.
सपा प्रमुख ने समाजवादी विचारधारा का जिक्र करते हुए राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और मुलायम सिंह यादव के योगदान को याद किया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समाजवादी विचारधारा को खत्म करने पर तुली है. अखिलेश ने जेपीएनआईसी को बेचने का भी आरोप लगाया.
योगी आदित्यनाथ पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि संत से ज्यादा सच बोलने वाला कोई नहीं हो सकता, लेकिन उनका संत कुछ अलग है और वह सिर्फ झूठ बोलता है.
अखिलेश ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार देने और महंगाई पर काबू पाने में नाकाम रही है, इसलिए लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि समाज तब मजबूत होगा, जब दूसरे धर्मों का सम्मान किया जाएगा. उनके मुताबिक, सच्चा सनातनी और सच्चा हिंदू कभी दूसरे व्यक्ति का अपमान नहीं कर सकता.
राकेश टिकैत के गढ़ में क्या जाट देंगे जयंत चौधरी का साथ या होगा कोई बड़ा खेल? समझिए पूरा समीकरण
ADVERTISEMENT











