Akhilesh Yadav Statement: INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसदों ने आज यानी मंगलवार को चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ संसद भवन से निर्वाचन सदन तक विरोध मार्च शुरू किया. विपक्षी सांसद संसद भवन से निकलकर निर्वाचन सदन की ओर बढ़े, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया. इसके बाद आकाशवाणी भवन के बाहर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खड़गे और INDIA ब्लॉक के अन्य वरिष्ठ नेता धरने पर बैठे. इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा.
ADVERTISEMENT
'चुनाव आयोग बीजेपी के लिए काम कर रहा है'
अखिलेश यादव ने कहा कि 'चुनाव आयोग को लेकर शिकायतें और आपत्तियां उठना कोई पहली बार नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जिस तरह से काम कर रहा है, उससे ऐसा लगता है कि वह मानता है कि वही लोग भारतीय नागरिक हैं जो भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं. अखिलेश ने कहा कि कई बार ऐसा देखने को मिला है कि जो बीजेपी का सदस्य है, वही वोट डालता है. उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से चुनाव आयोग ने उसके लिए काम करना शुरू कर दिया है.' अखिलेश के मुताबिक, 'चुनाव आयोग संविधान के तहत काम नहीं कर रहा है.'
'कुंदरकी और मीरापुर का चुनाव लूटा'
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कई चुनावों का जिक्र करते हुए बीजेपी पर चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि बीजेपी के बारे में लोग कहते थे कि वह इलेक्शन मशीन की तरह काम करती है और चुनाव नहीं जीतती, लेकिन उसके पास बहुत पैसा है. अखिलेश ने कहा कि बंगाल में फोर्स के जरिए वोट लूटने की बात देखने को मिली और उससे पहले यूपी में भी ऐसा हुआ. उन्होंने कुंदरकी और मीरापुर के चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन्हें भी लूटा गया. इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या के चुनाव और अंबेडकर नगर के बाय-इलेक्शन का नाम लेते हुए कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है.
यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव में सपा नहीं उतारेगी तीसरा प्रत्याशी, अखिलेश यादव बोले- '3 नहीं हमारी निगाह अब 403 पर'
'एक भी शिकायत पर कार्रवाई हुई तो बताएं'
सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग से शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर भी सवाल किया. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग ने एक भी आपत्ति या शिकायत पर कार्रवाई की हो तो उसे बताया जाए. अखिलेश ने समाजवादी पार्टी की ओर से नंदलाल निषाद का मामला उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी दस्तखत करके वोट काटने के लिए फॉर्म-7 भरवाया गया, लेकिन इस मामले में भी किसी पर कार्रवाई हुई हो तो बताया जाए. उन्होंने अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि बीजेपी से जुड़े मामलों में कार्रवाई नहीं होती.
'वन नेशन, वन इलेक्शन' पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की व्यवस्था को लेकर भी बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी की सोच सिर्फ एक बार चुनाव में घपला करने और फिर पांच साल तक राज करने की है, ताकि बार-बार जांच की जरूरत न पड़े. उन्होंने कहा कि अगर एक बार चुनाव हो जाए तो फिर बंगाल या किसी दूसरे चुनाव की जांच कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अखिलेश ने कहा कि इसी वजह से 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की थ्योरी पर काम किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी.
'बीजेपी के सदस्य हैं तो भारत के नागरिक भी हैं'
पत्रकार ने अखिलेश यादव से प्रक्रिया को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि वह सब कुछ पहले ही बता चुके हैं और उसके बाद सवाल पूछा जाएगा. इसके बाद उन्होंने फिर चुनाव आयोग और बीजेपी के बीच संबंध होने का आरोप लगाया. अखिलेश ने कहा कि बीजेपी का चुनाव आयोग से सीधा-सीधा संबंध है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ही तय करता है कि अगर कोई भारतीय जनता पार्टी का सदस्य है तो उसका वोट बन सकता है. इसके बाद उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या बीजेपी का सदस्य होना ही भारत का नागरिक होने का आधार बन गया है. अखिलेश ने अपने बयान में इसी बात को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सबसे बड़ा सवाल बताया.
निर्वाचन सदन के पास रोके गए सांसद
INDIA ब्लॉक का यह विरोध मार्च संसद भवन से शुरू होकर निर्वाचन सदन की तरफ बढ़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, पहला बैरिकेड संसद भवन से करीब 400 मीटर की दूरी पर लगाया गया था. निर्वाचन सदन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर विपक्षी नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया. इसके बाद कई नेता वहीं धरने पर बैठ गए. प्रदर्शन में अलग-अलग विपक्षी दलों के नेता और सांसद शामिल हैं. समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव समेत कुछ युवा सांसद बैरिकेड पर चढ़ गए. वहीं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, डी. राजा और INDIA ब्लॉक के अन्य वरिष्ठ नेता आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठे हैं. सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने 3000 से अधिक जवानों की तैनाती की है.
यहां देखें लाइव कवरेज
ADVERTISEMENT











