Ajay Rai News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है. अजय राय ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि लड़ाई अभी भी जारी है. उन्होंने नए अध्यक्ष और नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी शुभकामनाएं दीं. अजय राय ने एक्स पर लिखा 'मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी देने के लिए मैं Rahul gandhi जी एवं कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का जीवनभर आभारी रहूँगा. लड़ाई अभी भी जारी है.' उन्होंने आगे लिखा, “नए अध्यक्ष सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं. लड़ेंगे, जीतेंगे! हर-हर महादेव!”
ADVERTISEMENT
अजय राय ने अपनी इस प्रतिक्रिया के साथ एक लेटर भी पोस्ट किया है. यह लेटर कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी किया गया है. लेटर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की जानकारी दी गई है.
केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी लेटर में बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से अराधना मिश्रा मोना को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है. इसके अलावा इमरान मसूद को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया गया है. वहीं देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया है. लेटर में कांग्रेस की ओर से निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के योगदान की सराहना भी की गई है.
इसके साथ ही केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी पत्र में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता के तौर पर चौधरी वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी गई है. यह नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से लागू होगी.
यह भी पढ़ें- यूपी में गठबंधन होगा या कांग्रेस अकेले लड़ेगी चुनाव? नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने दिया ये जवाब
ADVERTISEMENT











