उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के एक युवक की प्रेम कहानी अब उसके परिवार के लिए बड़ी चिंता का कारण बन गई है. बरला थाना क्षेत्र के नगला खिटकारी गांव का रहने वाला बादल कथित तौर पर सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद अपनी प्रेमिका से मिलने बिना वीजा पाकिस्तान पहुंच गया. वहां अवैध रूप से जाने करने के आरोप में उसे पाकिस्तानी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. अब परिवार का कहना है कि उसकी सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन कागजी कार्रवाई पूरी न होने के कारण वह अभी भी पाकिस्तान की कोट लखपत जेल में बंद है. परिजनों ने भारत सरकार से उसे जल्द स्वदेश लाने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर हुई थी पाकिस्तानी युवती से दोस्ती
परिजनों के अनुसार, बरला थाना क्षेत्र के नगला खिटकारी गांव निवासी बादल बाबू दिल्ली के गांधी नगर में सिलाई का काम करता था. इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पाकिस्तान की रहने वाली सना से बातचीत शुरू हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. परिवार का कहना है कि बादल से उनकी आखिरी बार 30 अक्टूबर 2024 को बात हुई थी. जब वह पिछली बार अलीगढ़ आया था, तब अपने सभी जरूरी दस्तावेज घर पर ही छोड़ गया था.
सोशल मीडिया से चला पता, पाकिस्तान में है बादल
करीब 20 महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए परिवार को जानकारी मिली कि बादल पाकिस्तान में है और वहां की पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है. इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई. परिजनों के मुताबिक, उन्हें बाद में पता चला कि अगस्त 2024 में भी बादल पाकिस्तान जाने की कोशिश कर चुका था, लेकिन उस समय वह नहीं जा सका. हालांकि बाद में वह बिना वीजा पाकिस्तान कब और कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी.
प्रेमिका ने शादी से किया इनकार, फिर वहीं करने लगा काम
परिजनों के अनुसार, बादल 15 अक्टूबर 2024 को पाकिस्तान पहुंचा था. वहां प्रेमिका द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद उसने नौकरी करना शुरू कर दिया. इस दौरान उसकी परिवार से मोबाइल पर बातचीत भी होती रही. बताया गया कि एक दिन अपने मालिक की बकरियां चराते समय जंगल में कुछ लोगों से बातचीत के दौरान उसकी भाषा पर लोगों को शक हुआ. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और 27 दिसंबर 2024 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. बाद में उसे अदालत में पेश किया गया और फिर जेल भेज दिया गया.
वीडियो कॉल में कहा था- अब वापस नहीं आऊंगा
बादल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था. वीडियो में वह अपने परिवार से बात करते हुए कह रहा था कि वह अब वापस नहीं आएगा और चिंता न करें. उसने यह भी कहा था कि उसने धर्म परिवर्तन कर लिया है. परिवार के अनुसार, उस समय वह अपने वकील के साथ अदालत परिसर में था और वहीं से वीडियो कॉल कराई गई थी.
परिवार ने भारत सरकार से लगाई गुहार
बादल के परिवार में पिता कृपाल सिंह, मां गायत्री देवी, एक बहन और तीन भाई हैं. परिवार का कहना है कि लंदन में रहने वाली भारतीय मूल की महिला पूनम और पाकिस्तान में वकील फैज इस मामले में उनकी मदद कर रहे हैं. परिजनों का दावा है कि बादल की सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन भारत सरकार की ओर से आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी न होने के कारण वह अभी भी कोट लखपत जेल में बंद है.
परिवार का कहना है कि अलीगढ़ प्रशासन कई बार आवश्यक पत्राचार कर चुका है. वहीं, सांसद सतीश गौतम भी इस मामले में विदेश मंत्रालय को पत्र लिख चुके हैं. अब परिवार ने भारत सरकार से बादल को जल्द भारत वापस लाने की अपील की है.
ADVERTISEMENT











