Varanasi Waterlogging News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बाढ़, बारिश और जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. गंगा और वरुणा नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच कई इलाकों में बारिश और सीवर का पानी सड़कों पर जमा है. इसी समस्या का जायजा लेने पहुंचे वाराणसी कैंट से बीजेपी विधायक सौरभ श्रीवास्तव को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. लोगों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसे लेकर विपक्ष बीजेपी और सरकार पर निशाना साध रहा है.
ADVERTISEMENT
विधायक के पहुंचते ही शुरू हुई नारेबाजी
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सौरभ श्रीवास्तव के इलाके में पहुंचते ही कुछ लोग उनके खिलाफ नारे लगाने लगते हैं. लोगों ने ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और कुछ लोगों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को भी मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जलभराव और सीवर की समस्या बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया.
शिकायत के बाद भी समाधान नही हुआ
वाराणसी के कश्मीरीगंज, गुरुधाम और खोजवा इलाकों में बारिश और सीवर का पानी जमा होने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है. गलियों और सड़कों पर गंदा पानी भरा है, जिससे आवाजाही प्रभावित है. लोगों को बदबू और गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. यही वजह है कि विधायक के सामने लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. वहां बीजेपी विधायक के पहुंचने से पहले जलकल के अवर अभियंता डी कुमार को भी लोगों ने बंधक बना लिया था.
विधायक ने समाधान के निर्देश दिए
विरोध के बीच सौरभ श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके से ही बात की. उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को समस्या जल्द दूर करने के निर्देश दिए. विधायक के मुताबिक महाप्रबंधक जलकल, जल निगम के अधिशासी अभियंता और नगर निगम के मुख्य अभियंता मौके पर पहुंचे. खोजवा मुख्य मार्ग की सीवर लाइन की डिसिल्टिंग शुरू कराने, एक जगह नई सीवर लाइन डालने और अतिरिक्त पानी निकालने के लिए सक्शन मशीन लगाने की कार्रवाई शुरू की गई.
विधायक ने क्या कहा?
विधायक ने कहा वाराणसी विश्व की सबसे प्राचीनतम नगरी है. यहां वर्षों पुरानी सीवर लाइनें हैं. हमारे पूर्व की सरकारों ने एक बड़ा पाप किया है. कई स्थानों पर सीवर लाइन में से ही पीने के पानी की पाइप लाइन निकाल दी है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री से अनुरोध के बाद शहर के 18 वार्डों में नई सीवर और पानी की लाइन के लिए पैसा दिया गया है, जिनमें 13 वार्ड कैंट विधानसभा क्षेत्र के हैं. बारिश के कारण काम रोकना पड़ा था, लेकिन अब खराब जगहों पर काम तत्काल शुरू करने को कहा गया है.
वायरल वीडियो पर विपक्ष का हमला
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ने लिखा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बीजेपी विधायक का जनता विरोध कर रही है और दावा किया कि आगामी चुनाव में बीजेपी के सामने चुनौती बढ़ सकती है.
यहां देखें पूरा वीडियो -
ADVERTISEMENT











