ड्राइवर ने पुलिस थाने में घुसाई कार, अंदर थे प्रेमी युगल फिर दोनों के बारे में ये पता चला

उस्मान चौधरी

07 Dec 2023 (अपडेटेड: 07 Dec 2023, 07:04 AM)

उत्तर प्रदेश के मेरठ में मंगलवार रात बवाल मच गया. दरअसल, यहां मवाना थाने में एक कार घुसी और चालक जोर-जोर से चिल्लाने लगा. यह देख थाने में हड़कंप मच गया…

UpTak

UpTak

Google CTA

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में मंगलवार रात बवाल मच गया. दरअसल, यहां मवाना थाने में एक कार घुसी और चालक जोर-जोर से चिल्लाने लगा. यह देख थाने में हड़कंप मच गया और सभी पुलिस वाले गाड़ी के पास आ गए. फिर ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी में बैठा युवक खतौली से प्रेमिका को लेकर फरार हो रहा है. इसके बाद पुलिस ने युवक और उसकी प्रेमिका को थाने में बैठा लिया और उनके परिजनों को सूचना दी गई है. खबर में आगे जानिए क्या है पूरा मामला?

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

दरअसल मामला मंगलवार रात का है. बताया जा रहा है कि राजस्थान के जयपुर स्थित गांव बनार निवासी हितेश नाम के युवक की दोस्ती लगभग 2 साल पहले सोशल मीडिया के जरिए मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि दोनों ने घर छोड़ने का फैसला लिया. मंगलवार रात को हितेश ट्रेन से मेरठ आया और यहां से एक कैब बुक करके युवती से मिलने खतौली में उसके गांव पहुंचा.

प्रेमिका काफी घबराई हुई थी और…

यहां से हितेश ने प्रेमिका को कार में बैठा लिया और ड्राइवर से वापस चलने के लिए कहा. प्रेमिका काफी घबराई हुई थी, जिससे चालक को शक हुआ और उसने युवक से पूरे मामले की जानकारी मांगी. हितेश उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया. ड्राइवर को शक हुआ कि कहीं ऐसा ना हो कि वह भी इस मामले में फंस जाए. इसके बाद ड्राइवर ने कार को मेरठ के थाना मवाना के अंदर ले जाकर रोक दिया और पुलिस को बुलाने के लिए शोर मचा दिया.

थाना पुलिस ने कार के पास पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी की. इसके बाद ड्राइवर ने पूरी घटना पुलिस को बताई. पुलिस ने युवक और युवती को हिरासत में ले लिया और उनके परिजनों को जानकारी दी. देर रात मुजफ्फरनगर की खतौली पुलिस युवक और युवती को अपने साथ ले गई.

पुलिस ने ये बताया

मेरठ के मवाना थाने के प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि ‘कैब ड्राइवर का नाम राजीव है और वो भी खतौली क्षेत्र का रहने वाला है. उसको शक हुआ तो वह गाड़ी थाने में ले आया.’ थाना प्रभारी का कहना है कि ‘एक महीने बाद लड़की की शादी है. पूछताछ के लिए दोनों को थाने बैठाया गया था. इसके बाद खतौली पुलिस को सूचना दी गई और वह इनको अपने साथ ले गई.’

इस मामले में मेरठ के एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि ‘राजस्थान के रहने वाले एक युवक की खतौली में रहने वाली एक युवती से सोशल मीडिया के जरिए जान पहचान हुई. इसके बाद दोनों में प्रेम संबंध हो गए और जयपुर का रहने वाला युवक कैब लेकर खतौली पहुंचा था. वहां की युवती को लेकर कैब से जा रहा था और कैब चालक गाड़ी को थाना मवाना पर ले आया. पूछताछ में सामने आया कि यह मामला खतौली का है. मवाना पुलिस द्वारा खतौली पुलिस को बुलाकर उनको सुपुर्द कर दिया गया.’