Opinion: ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से अखिलेश के PDA को कितनी चुनौती? समझें पूरा सियासी गणित

अश्वनी अवस्थी

• 06:49 PM • 27 Nov 2026

Opinion: यूपी चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को नई राजनीतिक चुनौती मिलने की बात कही जा रही है. ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मुस्लिम, दलित और पिछड़े वर्गों को नेतृत्व में हिस्सेदारी देने का दांव चला है. कांग्रेस से बढ़ती दूरी भी सपा की रणनीति को प्रभावित कर सकती है.

UP Tak
Google CTA

Opinion: (डॉ. अश्वनी अवस्थी) उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने लगी है. राजनीतिक दल अपने-अपने सामाजिक समीकरण साधने में जुटे हैं. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA के नारे के सहारे सत्ता में वापसी का सपना देख रहे हैं. 

यह भी पढ़ें...

उन्हें लगता है कि इन तीन बड़े सामाजिक समूहों को एक मंच पर लाकर भाजपा को चुनौती दी जा सकती है. लेकिन अखिलेश की इस सियासी रणनीति के सामने अब एक ऐसी चुनौती खड़ी हो रही है, जो सीधे उनके सबसे मजबूत राजनीतिक दावे को निशाने पर ले रही है. ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन PDA की राजनीति को उसी के सामाजिक आधार पर चुनौती देने की तैयारी में है.

PDA का नारा, लेकिन नेतृत्व और हिस्सेदारी पर सवाल

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से दलित मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान और अब मुस्लिम तथा पिछड़े वर्ग से डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा महज चुनावी पदों का बंटवारा नहीं है. इसके पीछे एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश है. यह संदेश उन वर्गों को अपने साथ जोड़ने का है, जिन्हें राजनीतिक दल चुनाव के समय अपने सामाजिक समीकरण का हिस्सा तो बनाते हैं, लेकिन सत्ता और नेतृत्व में उनकी वास्तविक भागीदारी का सवाल अक्सर पीछे छूट जाता है.

यही वह बिंदु है, जहां अखिलेश यादव की परेशानी बढ़ती है. PDA के नाम पर पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को एक साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे अखिलेश के सामने अब इन वर्गों को नेतृत्व देने का सवाल खड़ा किया जा सकता है. ओवैसी और चंद्रशेखर का दांव इसी सवाल को चुनावी बहस के केंद्र में लाने की कोशिश है.

मुस्लिम हिस्सेदारी पर अखिलेश को घेरने का नया हथियार

इस गठबंधन का सबसे बड़ा सियासी असर मुस्लिम राजनीति पर पड़ सकता है. ओवैसी लगातार अखिलेश यादव की राजनीति को मुस्लिम हिस्सेदारी के सवाल पर घेरते रहे हैं. उनका सवाल यही रहा है कि सपा मुस्लिमों के समर्थन से राजनीतिक ताकत तो हासिल करती है, लेकिन सत्ता और शीर्ष नेतृत्व में उन्हें कितनी जगह देती है.

अब जब मुस्लिम डिप्टी सीएम बनाने का ऐलान सामने आया है तो यह बहस और तेज हो सकती है. अखिलेश के सामने अपनी पार्टी में मुस्लिमों की राजनीतिक हिस्सेदारी का हिसाब देने की चुनौती होगी. सिर्फ मुस्लिम मतदाताओं को PDA का हिस्सा बताकर उनकी राजनीतिक आकांक्षाओं को पूरा नहीं किया जा सकता. उन्हें नेतृत्व में भागीदारी और सत्ता में सम्मानजनक स्थान देने का सवाल भी उठेगा.

यूपी में मुस्लिम और दलित आबाद 45 फीसदी से ज्यादा बताई जाती है. सपा के शीर्ष नेतृत्व में अखिलेश ही सर्वमान्य चेहरा हैं. वो किसी मुस्लिम और दलित को बड़ी जिम्मेदारी देने पर चुप रहते हैं. जबकि अब चंद्रशेखर और ओवैसी ने नेतृत्व देने का दांव खेला है. ऐसे में सपा के सामने ये बड़ी चुनौती होगी.

दलित नेतृत्व के दांव से चंद्रशेखर की बढ़ेगी राजनीतिक प्रासंगिकता

दलित मुख्यमंत्री का ऐलान भी अखिलेश के लिए कम चुनौतीपूर्ण नहीं है. चंद्रशेखर आजाद पहले से ही दलित राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में दलित मुख्यमंत्री का प्रस्ताव उनके लिए दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाने का अवसर बन सकता है.

अखिलेश यादव की मुश्किल यह है कि उन्होंने PDA को अपनी राजनीति का केंद्रीय आधार बनाया है, लेकिन दलित नेतृत्व की स्वतंत्र राजनीतिक दावेदारी को नजरअंदाज नहीं कर सकते. यदि दलित समाज के सामने एक ऐसा राजनीतिक विकल्प आता है, जो मुख्यमंत्री पद तक नेतृत्व की बात करता है तो सपा के सामने अपने सामाजिक समीकरण को एकजुट रखने की चुनौती बढ़ेगी. पिछड़े वर्ग को डिप्टी सीएम बनाने का ऐलान भी इसी रणनीति का विस्तार है.

कांग्रेस की तल्खी भी बढ़ाएगी अखिलेश की मुश्किल

अखिलेश यादव के लिए चुनौती सिर्फ ओवैसी और चंद्रशेखर तक सीमित नहीं है. कांग्रेस के साथ सपा के रिश्तों में बढ़ती तल्खी भी उनकी चुनावी रणनीति को प्रभावित कर सकती है. कांग्रेस भी अपने संगठन के विस्तार में जातीय समीकरणों को ध्यान में रख रही है. ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर टकराव बढ़ना स्वाभाविक है.

यदि गठबंधन नहीं होता है तो कांग्रेस अपने दम पर सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश करेगी. इसका सीधा असर उन मतदाताओं पर पड़ सकता है, जिन्हें अखिलेश यादव अपने PDA का स्वाभाविक आधार मानते हैं. यानी एक तरफ ओवैसी और चंद्रशेखर मुस्लिम-दलित-पिछड़ा नेतृत्व की नई दावेदारी पेश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सपा के राजनीतिक विस्तार के रास्ते में चुनौती बन सकती है.

सामाजिक समीकरण से आगे नेतृत्व की लड़ाई

दरअसल, 2027 का चुनाव अखिलेश यादव के लिए सिर्फ भाजपा से मुकाबले का चुनाव नहीं होगा, बल्कि अपने घोषित सामाजिक समीकरण को बचाए रखने की भी परीक्षा होगा. PDA का नारा देकर सामाजिक समूहों को एक साथ खड़ा करना अलग बात है और उन समूहों को राजनीतिक नेतृत्व में वास्तविक हिस्सेदारी देना अलग.

ओवैसी और चंद्रशेखर का दांव इसी अंतर को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश है. अब अखिलेश के सामने चुनौती यह है कि वे PDA के नाम पर जुटाए जा रहे सामाजिक समर्थन को नेतृत्व की ठोस हिस्सेदारी के भरोसे में कैसे बदलेंगे. क्योंकि राजनीति में केवल वोटों का समीकरण नहीं चलता, नेतृत्व की दावेदारी भी मायने रखती है. और यही दावेदारी अब अखिलेश यादव के PDA की सबसे बड़ी परीक्षा बनने जा रही है.

(लेखक पीएचडी (भूगोल) हैं. वे समसामयिक विषयों एवं सामाजिक मुद्दों पर लेखन करते हैं.)

Disclaimer: यहां व्यक्त विचार लेखक की व्यक्तिगत राय हैं.