Opinion:सपा-कांग्रेस के बीच बनायबाजी तेज, क्या जमीन पर एकजुट हो पाएंगे कार्यकर्ता?

यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान के साथ नेताओं की बयानबाजी भी तेज हो गई है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सीटों पर समझौता होने के बाद भी क्या दोनों दलों के कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतर पाएंगे?

Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav

Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav

Google CTA

Opinion: उत्तर प्रदेश की राजनीति में गठबंधन केवल सीटों के बंटवारे से नहीं चलते, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच भरोसे, नेताओं के परस्पर सम्मान और जमीनी तालमेल से उनकी मजबूती तय होती है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच पिछले कुछ समय से जिस तरह की बयानबाजी देखने को मिल रही है, वह महज सीटों की सौदेबाजी नहीं, बल्कि गठबंधन के भीतर वर्चस्व, राजनीतिक हैसियत और नेतृत्व को लेकर जारी संघर्ष का संकेत है. ऐसे में सवाल केवल यह नहीं है कि दोनों दल चुनाव से पहले समझौता कर लेंगे या नहीं, बल्कि यह भी है कि क्या इस सार्वजनिक तल्खी के बाद उनके कार्यकर्ता एक-दूसरे के लिए सहजता से मैदान में उतर पाएंगे?

यह भी पढ़ें...

गठबंधन की राजनीति में मतभेद असामान्य नहीं हैं, लेकिन जब मतभेद सार्वजनिक अपमान और एक-दूसरे की राजनीतिक क्षमता पर सवाल उठाने तक पहुंच जाएं, तब समस्या केवल बातचीत की मेज तक सीमित नहीं रहती. उसका असर संगठनात्मक रिश्तों और चुनावी मनोबल पर भी पड़ता है.

सीटों की सौदेबाजी से आगे बढ़ चुका है टकराव

सपा और कांग्रेस के बीच विवाद की सबसे गंभीर तस्वीर नेताओं की बयानबाजी से सामने आती है. रामगोपाल यादव का कांग्रेस के पास चुनावी कामकाज के लिए कार्यकर्ताओं की कमी वाला तंज और इमरान मसूद का यह जवाब कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही, दोनों दलों के बीच बढ़ती असहजता को उजागर करता है. जब गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के बीच संवाद का स्वर राजनीतिक सम्मान के बजाय तिरस्कार का हो जाए, तो यह स्वाभाविक रूप से सहयोग की संभावनाओं को कमजोर करता है.

इस टकराव को केवल चुनावी रणनीति का हिस्सा मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. सीटों पर बातचीत जारी रहते हुए प्रत्याशियों की घोषणा, सार्वजनिक बयान और राजनीतिक दावेदारी एक-दूसरे के प्रति अविश्वास को बढ़ा सकती है. गठबंधन के भीतर यदि एक दल दूसरे को अपनी राजनीतिक मजबूरी मानने लगे, तो साझेदारी का आधार कमजोर पड़ने लगता है.

कार्यकर्ता आखिर किसके लिए मैदान में उतरेंगे?

गठबंधन का वास्तविक परीक्षण नेताओं के मंच साझा करने से नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर होता है. चुनाव में स्थानीय कार्यकर्ता मतदाताओं को जोड़ता है, प्रचार करता है, विरोधियों से मुकाबला करता है और मतदान के दिन संगठन को सक्रिय रखता है. लेकिन यदि महीनों तक उसे अपने सहयोगी दल के नेताओं से अपमानजनक टिप्पणियां सुनने को मिलें, तो यह मान लेना कठिन है कि चुनावी घोषणा के बाद सब कुछ सहज हो जाएगा.

उदाहरण के तौर पर, यदि किसी क्षेत्र में कांग्रेस का कार्यकर्ता वर्षों से अपनी पार्टी के विस्तार के लिए संघर्ष कर रहा है और गठबंधन के दौरान उसे यह संदेश मिलता है कि उसकी पार्टी के पास पर्याप्त संगठन या चुनाव लड़ने की क्षमता नहीं है, तो उसके भीतर स्वाभाविक रूप से असंतोष पैदा हो सकता है. इसी प्रकार सपा कार्यकर्ताओं के लिए भी कांग्रेस के साथ समझौते को स्वीकार करना तभी सहज होगा, जब उन्हें लगे कि उनकी पार्टी के राजनीतिक हितों और संगठनात्मक सम्मान से समझौता नहीं हुआ है.

राजनीतिक गठबंधन में सीटों का बंटवारा नेतृत्व तय करता है, लेकिन उस बंटवारे को जमीन पर सफल बनाना कार्यकर्ता तय करते हैं.

समझौते की मजबूरी, एकजुटता की गारंटी नहीं

सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन यदि चुनावी परिस्थितियों के कारण कायम भी रहता है, तो इसका अर्थ यह नहीं होगा कि दोनों दलों के बीच राजनीतिक भरोसा स्वतः बहाल हो गया है. कई बार चुनावी गठबंधन साझा राजनीतिक जरूरतों से बनते हैं, लेकिन जरूरत और निष्ठा में अंतर होता है. जरूरत के आधार पर बना समझौता चुनाव तक टिक सकता है, परंतु मजबूत साझेदारी के लिए संगठनात्मक समन्वय और परस्पर सम्मान अनिवार्य है.

यदि दोनों दलों के नेता एक-दूसरे की राजनीतिक हैसियत पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाते रहेंगे, तो चुनावी मंच पर साझा उपस्थिति भी उस दरार को पूरी तरह नहीं भर पाएगी. स्थानीय स्तर पर सीटों को लेकर नाराजगी, प्रचार में सहयोग की कमी और समर्थकों के बीच भ्रम जैसी चुनौतियां गठबंधन के सामने खड़ी हो सकती हैं.

सपा-कांग्रेस के सामने अब केवल सीटों का गणित सुलझाने की चुनौती नहीं है. उन्हें यह भी साबित करना होगा कि उनका गठबंधन केवल चुनावी सुविधा का समझौता नहीं, बल्कि साझा राजनीतिक भरोसे का आधार है. क्योंकि चुनाव में समझौते कागज पर होते हैं, लेकिन जीत का रास्ता जमीन पर बनता है. और जिस गठबंधन की जमीन पर ही भरोसे की दरारें पड़ने लगी हों, उसके लिए केवल सीटों का बंटवारा राजनीतिक मजबूती की गारंटी नहीं बन सकता.

(लेखक, डॉ सुनील कुमार मिश्र, अतर्रा पीजी कॉलेज, अतर्रा, बांदा में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. राजनीति और समसामयिक विषयों पर लेखन करते हैं.)

Disclaimer: यहां व्यक्त विचार लेखक की व्यक्तिगत राय हैं.