Azam Khan Wife Tazeen Fatma News: रामपुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. ताजीन फातिमा ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान 2027 विधानसभा चुनाव के लिए आजम खान की मर्जी से 15 टिकट दिए जाने की मांग रखी थी. ताजीन फातिमा ने रामपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता कर इन खबरों को गलत बताया. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले लखनऊ में अखिलेश यादव से हुई उनकी मुलाकात पूरी तरह निजी और पारिवारिक थी और उसमें किसी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव से मुलाकात पर क्या बोलीं?
ताजीन फातिमा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि वह करीब चार-पांच दिन पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने लखनऊ गई थीं. उनके मुताबिक, इस मुलाकात के बाद कुछ समाचार पत्रों और इंस्टाग्राम पर ऐसी खबरें प्रकाशित की गईं, जिनमें कहा गया कि वह आजम खान का पत्र लेकर अखिलेश यादव के पास गई थीं. खबरों में यह भी दावा किया गया कि उस पत्र के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव में 15 सीटों की मांग रखी गई थी. ताजीन फातिमा ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया.
‘15 सीटों की मांग की खबर बिल्कुल गलत’
पूर्व सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव के साथ हुई मुलाकात में किसी तरह की राजनीतिक बातचीत नहीं हुई. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस खबर में ‘विश्वसनीय सूत्रों’ का हवाला दिया गया, उसमें आखिर वे सूत्र कौन थे. ताजीन फातिमा ने कहा कि बिना यह जाने कि खबर सही है या नहीं, इस तरह की जानकारी प्रकाशित करने से जनता के बीच गलत संदेश जाता है. उन्होंने समाचार पत्रों से अपनी पत्रकारिता और विश्वसनीयता बनाए रखने की अपील भी की.
यह भी पढ़ें- सलीम शेरवानी की ना के बाद कौन होगा अखिलेश यादव का तीसरा राज्यसभा उम्मीदवार?
आजम साहब का खत ले जाने का सवाल ही नहीं’
ताजीन फातिमा ने आजम खान के कथित पत्र को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि आजम साहब का खत लेकर अखिलेश यादव के पास जाने का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने कहा कि आजम खान खुद समय-समय पर यह कहते रहे हैं कि अखिलेश यादव उनके बेटे की तरह हैं. ऐसे में उनका अपने बेटे को पत्र भेजकर दबाव बनाने और 15 सीटें देने या अपने उम्मीदवार खड़े करने की मांग करने की बात समझ से परे है.
‘जनता को सही खबर मिलनी चाहिए’
ताजीन फातिमा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जनता समाचार पत्रों पर भरोसा करके खबरें पढ़ती है, इसलिए यह जरूरी है कि प्रकाशित की जाने वाली जानकारी सही हो. उन्होंने कहा कि खबरों के जरिए जनता को गलत संदेश नहीं जाना चाहिए. उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपनी पत्रकारिता की विश्वसनीयता कायम रखने की अपील की. फिलहाल ताजीन फातिमा ने 15 विधानसभा सीटों की मांग और आजम खान का पत्र लेकर अखिलेश यादव से मिलने संबंधी खबरों को स्पष्ट तौर पर खारिज कर दिया है और मुलाकात को केवल पारिवारिक बताया है.
ADVERTISEMENT











