Prayagraj Flood News: संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियाँ उफान पर हैं. दोनों नदियों में पानी लगातार बढ़ता जा रहा है.नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण पूरा संगम क्षेत्र बाढ़ के पानी से भर चुका है. हालात इतने भयावह हो गए हैं कि जिन सड़कों पर पहले गाड़ियां चलती थीं, वहां अब नावें चलने लगी हैं. गंगा और यमुना में आई बाढ़ के कारण लोग सड़कों पर ही गंगा स्नान कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
मौके से हालात का जायजा लेते हुए हमारे रिपोर्टर ने बताया है कि स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और बाढ़ के पानी से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
हनुमान मंदिर की बाउंड्री पर पहुंचा पानी
बाढ़ का जायजा लेते हुए हमारे रिपोर्टर ने बताया है कि 'संगम क्षेत्र में बाढ़ का पानी लेटे हनुमान मंदिर की बाउंड्री तक पहुंच चुका है.' पानी बढ़ने की वजह से पंडित और पुरोहित मंदिर से अपना सामान निकालकर अब सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं.
सड़कों पर गाड़ियों की जगह नाव
हमारे रिपोर्टर ने बताया है कि संगम की ओर जाने वाले जो मुख्य रास्ते हैं उनपर अब बाढ़ का पानी पूरी तरह से भर गया है. हमारे रिपोर्टर ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए बताया है कि 'जिन रास्तों पर पहले गाड़ियां चल रही थीं, अब उन रास्तों पर नाव चलने लगी हैं. संगम जाने वाले ज्यादातर रास्तों पर पानी भर चुका है. इसके साथ ही प्रयागराज गंगा स्नान करने गए श्रद्धालु अब सड़कों पर ही स्नान कर रहे हैं.'
निचले इलाकों में बढ़ सकता है खतरा
जानकारी के मुताबिक गंगा और यमुना दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं. अगर स्थिति ऐसी ही रही और नदियों का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. सलोरी, बघाड़ा और दारागंज जैसे इलाकों की सड़कों पर भी बाढ़ का पानी पहुंच सकता है, जिससे वहां रहने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा.
डीएम की नजर, राहत चौकियां सक्रिय
गंगा और यमुना नदियों में लगातार बढ़ रहे जलस्तर पर प्रशासन नजर बनाए हुए है. प्रशासन बाढ़ से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर आ चुका है. जिलाधिकारी खुद लगातार बाढ़ से बन रहे हालात का जायजा ले रहे हैं. प्रशासन ने लोगों की मदद और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बाढ़ राहत चौकियों को सक्रिय कर दिया है.
यह भी पढ़ें: 12वीं पास करते ही मिलेंगे ₹30000 और कॉलेज जाने पर Free स्कूटी! यूपी सरकार की इन योजनाओं से खाते में आएगा पैसा
ADVERTISEMENT











