Banda MLA Prakash Dwivedi village: उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है. इसी बीच बांदा सदर के विधायक प्रकाश द्विवेदी के पैतृक गांव छबा में विकास कार्यों का जायजा लिया गया. कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसने वाले इस गांव में आज रोड कनेक्टिविटी से लेकर तालाबों के सुंदरीकरण तक की तस्वीर बदली हुई नजर आ रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक के प्रयासों से गांव अब विकास की नई राह पर है.
ADVERTISEMENT
बेहतर हुई रोड कनेक्टिविटी और जल निकासी
गांव के स्थानीय निवासियों ने बताया कि पहले बारिश के दौरान जलभराव एक बड़ी समस्या थी. लेकिन अब नाला-नाली निर्माण और बेहतर वाटर रिटेनिंग सिस्टम की वजह से यह समस्या खत्म हो गई है. गांव की मुख्य सड़कों को पक्का किया गया है जिससे कनेक्टिविटी में काफी सुधार हुआ है. गांव में जल संरक्षण के लिए 'अमृत तालाब' का निर्माण कराया गया है. इसके साथ ही पुराने तालाबों का सुंदरीकरण कर उन्हें नया रूप दिया गया है. गांव में मुक्तिधाम (श्मशान घाट) और स्कूलों की स्थिति को भी बेहतर बनाया गया है, जिससे ग्रामीणों को अब शहर की ओर नहीं भागना पड़ता.
छबा गांव के लोगों का कहना है कि वर्तमान ग्राम प्रधान और विधायक प्रकाश द्विवेदी के नेतृत्व में गांव में लाइटिंग की शानदार व्यवस्था की गई है. सरकार की योजनाएं अब सीधे पात्रों तक पहुंच रही हैं. ग्रामीणों के अनुसार, बीते समय की तुलना में गांव में जो बदलाव आया है वह सराहनीय है और इससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है.
युवाओं की मांग
जहां एक ओर गांव के लोग शिक्षा, बिजली और सड़क की सुविधाओं से संतुष्ट हैं. वहीं युवाओं ने अपनी एक विशेष मांग भी रखी है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अब एक आधुनिक खेल के मैदान की आवश्यकता है ताकि क्षेत्र के युवा अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें और सेना या पुलिस भर्ती की तैयारी कर सकें.
ADVERTISEMENT









