एक भाई DM और दूसरा DIG... कौशांबी ब्लास्ट के बाद एक ही जगह दिखाई दिए दोनों, कौन हैं IPS अजय पाल और IAS अमित पाल?

यूपी तक

• 12:57 PM • 01 Sep 2026

कौशांबी हादसे के बीच कौशांबी के DM अमित पाल और प्रयागराज के DIG/अपर पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा की एक साथ तस्वीर सामने आई, जिसके बाद दोनों भाई चर्चा में हैं।

UP Tak
Google CTA

Kaushambi Blast: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में 31 अगस्त को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को हिला दिया. पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में हुए इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी. घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई थीं. अब मुख्य आरोपी नौशाद अली को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है.

यह भी पढ़ें...

हादसे के बीच कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल और प्रयागराज डीआईजी / अपर पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) आईपीएस अजय पाल शर्मा की एक साथ तस्वीर सामने आने के बाद दोनों भाई चर्चा में हैं. ब्लास्ट के बाद दोनों ग्राउंड पर घटना का जायजा लेते नजर आए. 

कौशांबी ब्लास्ट के बाद क्या हुआ?

31 अगस्त को पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था. धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में 11 लोगों की जान चली गई. सूचना है कि आसापास के कई मकान मलबा बन गए.

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया. पुलिस मुख्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी.

मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली कि पटाखा फैक्ट्री हादसे का मुख्य आरोपी नौशाद अली भागने की कोशिश कर रहा है. पुलिस ने उसे चरवा इलाके में घेर लिया.

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर नौशाद अली ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. 

कौन हैं कौशांबी के DM अमित पाल?

कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल 2016 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी हैं. उन्होंने सिविल सेवा में आने से पहले MBBS की पढ़ाई की थी. प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाली हैं. अमित पाल 28 अक्टूबर 2025 से कौशांबी के जिलाधिकारी के पद पर तैनात हैं. इससे पहले वे नगर आयुक्त जैसे पदों पर भी काम कर चुके हैं. 

बड़े भाई अजय पाल शर्मा भी IPS अधिकारी

अमित पाल के बड़े भाई अजय पाल शर्मा 2011 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी हैं. अजय पाल शर्मा पुलिस सेवा में अपनी सख्त कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं. अजय पाल शर्मा वर्तमान में प्रयागराज डीआईजी / अपर पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) के पद पर तैनात हैं. 

यूपी पुलिस की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अजय पाल शर्मा का जन्म 26 अक्टूबर 1985 को हुआ था. उनके छोटे भाई अमित पाल का जन्म 4 सितंबर 1991 को हुआ. गणना की जाए तो दोनों भाइयों के बीच करीब छह साल का अंतर है.

अजय पाल शर्मा को उत्तर प्रदेश में अपराध के खिलाफ कार्रवाई के लिए जाना जाता रहा है. उनके नाम कई एनकाउंटर भी दर्ज हैं. इसी वजह से उन्हें 'सिंघम' के नाम से भी जाना जाता है.

एक परिवार, दो बड़ी जिम्मेदारियां

अमित पाल और अजय पाल शर्मा की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि एक ही परिवार के दो भाइयों ने IAS और IPS जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में जगह बनाई. अब चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि दोनों भाई एक ही ग्राउंड पर नजर आए. कौशांबी की घटना के समय छोटे भाई अमित पाल जिले के DM हैं, जबकि बड़े भाई अजय पाल शर्मा प्रयागराज डीआईजी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

कौशांबी में बारूद से दहल उठा महमूदपुर! विस्फोट से कई मकान बने मलबा, 8 बुलडोजर से निकाले जा रहे शव