प्रयागराज महाकुंभ के दौरान महंगी गाड़ी से पहुंचकर और गर्लफ्रेंड के कहने पर दातून बेचकर रातोंरात सोशल मीडिया स्टार बनने वाले 'वायरल दातून बॉय' यानी आकाश यादव एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह दातून की बिक्री नहीं बल्कि उनकी जिंदगी और प्यार को बचाने की गुहार है. जौनपुर के रहने वाले आकाश ने अपनी प्रेमिका मनीषा पटेल से कोर्ट मैरिज और मंदिर में शादी कर ली है. लेकिन इस लव मैरिज से लड़की के परिवार वाले आग बबूला हो गए हैं. नवविवाहित जोड़े ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है और जौनपुर एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT
महाकुंभ से चमकी थी किस्मत, दातून बेचकर कमाए थे लाखों
कुछ समय पहले प्रयागराज महाकुंभ में आकाश यादव ने पहुंचकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं. उन्होंने दावा किया था कि वह अपनी प्रेमिका के कहने पर महाकुंभ में दातून बेचने आए हैं. उनकी यह अनोखी कहानी और महंगी गाड़ी से आने का अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था जिसके बाद वह 'वायरल दातून बॉय' के रूप में मशहूर हो गए थे और दातून बेचकर लाखों रुपये कमाने का दावा किया था.
प्रेमिका मनीषा से की शादी, अब सता रहा जान का खतरा
सुर्खियों में रहने वाले आकाश ने आखिरकार अपनी उसी प्रेमिका मनीषा पटेल के साथ सात फेरे ले लिए और कोर्ट मैरिज भी कर ली. दोनों का कहना है कि वे बालिग हैं और उन्होंने पूरी तरह अपनी मर्जी से एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना है. हालांकि शादी के बाद से ही दोनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. आकाश का आरोप है कि लड़की पक्ष के लोग इस रिश्ते से बेहद नाराज हैं और उन्हें व उनके परिवार को लगातार नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.
वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आकाश और उनकी पत्नी मनीषा काफी डरे हुए नजर आ रहे हैं. मनीषा ने वीडियो में स्पष्ट किया है कि उन्होंने किसी के दबाव में नहीं बल्कि अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है और वह आकाश के साथ ही रहना चाहती हैं. जोड़े ने जौनपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से गुहार लगाई है कि उनके परिवार को परेशान न किया जाए और उन्हें तथा उनके रिश्ते को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए ताकि वे बिना किसी डर के अपना जीवन जी सकें.
ADVERTISEMENT











