उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से 19 साल की तनु कश्यप की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. यह घटना जिले के बुढ़ाना क्षेत्र के शाहडाबर गांव में हुई है. रविवार कि सुबह परिजन लड़की की अर्थी को अंतिम संस्कार कि लिए ले जा रहे थे, तभी मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस को लड़की की हत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है. जानकारी के मुताबिक तनु का गांव में ही किसी के साथ प्रेम प्रसंग था, चर्चा है कि इसी वजह से उसे जहर देकर मार दिया गया है. वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में लड़की द्वारा खुद जहर खाकर आत्महत्या करने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT
रास्ते में रुकवाई गई शव यात्रा
यह मामला बुढ़ाना क्षेत्र के शाहडाबर गांव का है. यहां नीतू कश्यप की 19 साल की बेटी तनु कश्यप की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवती की हत्या कर दी गई है और घरवाले उसका शव अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट लेकर जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रास्ते में ही अर्थी को रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया.
प्रेम प्रसंग में जहर की चर्चा
गांव के लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. बताया जा रहा है कि गांव में चर्चा है कि युवती की मौत के पीछे प्रेम प्रसंग था और कुछ लोगों को शक है कि परिजनों ने उसे जहर देकर मार डाला. हालांकि इन आरोपों की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है. वहीं पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
आत्महत्या के पहलू पर भी जांच
सीओ बुढ़ाना राधा रमण सिंह ने बताया कि 29 नवंबर को 112 के जरिए युवती की हत्या की सूचना मिली थी. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब शुरुआती जांच की, तो उसमें युवती के खुद जहर खाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है. सीओ के मुताबिक मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी और फिलहाल हत्या व आत्महत्या दोनों एंगल से जांच जारी है.
ADVERTISEMENT











