परिसीमन बिल का मायावती ने किया स्वागत, बोली- 'महिलाओं को जल्द से जल्द मिले 33 फीसदी आरक्षण'

सुषमा पांडेय

29 Nov 2026 (अपडेटेड: 29 Nov 2026, 04:17 PM)

उत्तर प्रदेश की राजनीति में परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर राजनीति तेज हो गई है. एक तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस बिल के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं. वहीं, दूसरी तरफ बीएसपी प्रमुख मायावती ने इस बिल का स्वागत किया है.

Mayawati

Mayawati (File Photo)

Google CTA

उत्तर प्रदेश की राजनीति में परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर राजनीति तेज हो गई है. एक तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस बिल के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं. वहीं, दूसरी तरफ बीएसपी प्रमुख मायावती ने बिल का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि वह लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में 33 फीसदी महिला आरक्षण जल्द से जल्द लागू करने की मांग करती रही हैं. इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि इस आरक्षण में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं के लिए अलग से व्यवस्था होनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने परिसीमन के दौरान सीटों के निर्धारण में राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधे जाने की आशंका भी जताई है.

यह भी पढ़ें...

महिला आरक्षण का मायावती ने किया समर्थन

बीएसपी प्रमुख मायावती ने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने 'एक्स' पर लिखा लोकसभा और राज्यों की विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण जल्द से जल्द मिलना चाहिए. वह आगे लिखती है कि बीएसपी शुरू से ही महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उचित अवसर देने की पक्षधर रही है.

मायावती ने इस फैसले के साथ एक अहम मांग भी रखी है. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण में SC और ST वर्ग की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए. उनका मानना है कि सदियों से शोषण और उपेक्षा का सामना करने वाली इन वर्गों की महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का पर्याप्त मौका मिलना चाहिए.

मायावती के मुताबिक अगर महिला आरक्षण के भीतर SC-ST महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था की जाती तो यह ऐतिहासिक कदम होता. उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील भी की है.

मायावती ने परिसीमन विधेयक पर जताई आशंका

मायावती ने सिर्फ महिला आरक्षण तक अपनी बात सीमित नहीं रखी है. उन्होंने लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या और सीमाएं तय करने की प्रक्रिया पर भी अपने विचार खुलकर रखे हैं. सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि सीटों का निर्धारण करते समय राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है.

मायावती ने कहा केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टी कई बार देश और जनता के हित से ज्यादा अपने पार्टी हित को महत्व देती है. उनके मुताबिक सीटों की सीमाएं तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक फायदा उठाने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं.

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धर्म, जाति और क्षेत्र के आधार पर किसी के बहकावे में आए बिना अच्छे उम्मीदवारों को चुनें. मायावती का कहना है कि लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा के लिए जनता को सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए.

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर से संजय निषाद ने बढ़ाई NDA की टेंशन! ज्यादा सीटों की मांग के साथ जल्द उम्मीदवार उतारने का ऐलान

यूपी में बढ़ सकती हैं सीटें

दरअसल केंद्र सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा और विधानसभा की मौजूदा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान है. इसके लिए संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़ा नया विधेयक लाया जा रहा है.

प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 816 हो सकती हैं. उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं. 50 फीसदी बढ़ोतरी के बाद इनकी संख्या 120 तक पहुंच सकती है. यानी प्रदेश में 40 नई लोकसभा सीटें जुड़ सकती हैं.

इसी तरह यूपी विधानसभा की मौजूदा 403 सीटों में भी 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. अगर ऐसा होता है तो विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 605 हो सकती है. इससे प्रदेश के चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव आ सकता है. नए क्षेत्र बनेंगे और कई मौजूदा सीटों की सीमाएं भी बदल सकती हैं.

यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल के खिलाफ INDIA गठबंधन को एकजुट करने में जुटे राहुल गांधी, स्टालिन और शरद पवार को मनाने के लिए दिल्ली से रवाना

अखिलेश की मांग मायावती से अलग

परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं. उनकी मांग मायावती से अलग है. अखिलेश यादव चाहते हैं कि महिला आरक्षण में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को भी पर्याप्त हिस्सेदारी मिले.

अखिलेश यादव का सवाल है कि जब 2023 में महिला आरक्षण विधेयक संसद से पास हो चुका है तो इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है? उनका आरोप है कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन को जोड़कर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है.

अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसमें पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाएं पीछे नहीं छूटनी चाहिए. उन्होंने परिसीमन को बीजेपी की बड़ी राजनीतिक भूल भी बताया है.

यह भी पढ़ें: कौन हैं जावेद अली खान, जिनके घर जाकर अखिलेश यादव ने बना दिया माहौल?

विपक्षी एकजुटता के सामने चुनौती

इस पूरे मुद्दे पर विपक्ष की मुश्किल यह है कि इंडिया गठबंधन के सभी दलों की राय एक जैसी नहीं है. जहां कांग्रेस परिसीमन के प्रस्ताव को लेकर सरकार का विरोध कर रही है, वहीं गठबंधन के कुछ सहयोगी दलों का रुख अलग नजर आ रहा है.

डीएमके ने सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया है. वहीं शरद पवार की एनसीपी की ओर से भी समर्थन के संकेत मिले हैं. ऐसे में कांग्रेस के सामने विपक्षी एकजुटता बनाए रखने की चुनौती है.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी नेता अपने सहयोगी दलों को साथ रखने की कोशिश कर रहे हैं. अब देखना होगा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर विपक्ष को एकजुट रख पाती है या नहीं.

फिलहाल मायावती ने SC-ST महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग उठाकर महिला आरक्षण और परिसीमन की बहस में एक नया मुद्दा जोड़ दिया है. वहीं अखिलेश यादव की पीडीए वाली मांग से साफ है कि दोनों नेताओं का जोर अलग-अलग वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने पर है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी अहम भूमिका निभा सकता है.

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के सभी 37 सांसद करेंगे परिसीमन बिल का विरोध, सपा ने जारी किया 3 लाइन का व्हिप