संसद में परिसीमन बिल को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाली संसद की कार्यवाही से ठीक पहले समाजवादी पार्टी ने बड़ा दांव चलते हुए अपने सभी लोकसभा सांसदों को तीन-लाइन व्हिप जारी कर दिया है. सपा ने साफ कर दिया है कि उनके सांसद सदन में मौजूद रहकर सरकार के विधेयकों के खिलाफ वोट करेंगे. जबकि दूसरी ओर विपक्ष के भीतर बदलते सियासी समीकरणों को साधने के लिए आखिरी दौर की भागदौड़ भी तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT
धर्मेंद्र यादव ने जारी किया व्हिप
लोकसभा में सपा के चीफ व्हिप और सांसद धर्मेंद्र यादव ने पत्र जारी कर सभी सांसदों सदन में मौजूद रहने और गैरहाजिर न रहने का निर्देश दिया है. इसमें कहा गया है कि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है. इस दौरान सरकार तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी. इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 शामिल हैं.
सपा ने अपने सांसदों को सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले तीनों विधेयकों के विरोध में वोट देने को कहा है. पार्टी का रुख साफ है कि उसके सांसद सदन में इन विधेयकों का विरोध करेंगे.
संसदीय दल की बैठक
लोकसभा में सपा के 37 सांसद हैं. सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार सुबह सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली में संसदीय दल की अहम बैठक बुलाई है जिसमें सदन के भीतर की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा.
अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सपा महिला आरक्षण के समर्थन में है.लेकिन उनका आरोप है कि केंद्र सरकार इसकी आड़ में परिसीमन का कानून लाकर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में मनमाना बदलाव करना चाहती है. उन्होंने इसे भाजपा की बड़ी राजनीतिक भूल बताया.
क्या है विधेयकों का एजेंडा?
इस सत्र में केंद्र सरकार संशोधित परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill, 2026) और संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है जिसमें सभी राज्यों की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और महिला आरक्षण लागू करने का प्रावधान है.
नंबर गेम और आखिरी कोशिश
विधेयक को रोकने के लिए विपक्ष के पास संख्या बल की चुनौती खड़ी हो गई है. डीएमके और एनसीपी (एसपी) के पास कुल 30 सांसद हैं जिन्होंने अप्रैल में बिल के खिलाफ मतदान किया था. लेकिन अब उनके संभावित बदलते रुख से सरकार का रास्ता आसान दिख रहा है. ऐसे में विपक्ष को एकजुट रखने और आखिरी कोशिश के तहत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी के चेन्नई (एम.के. स्टालिन से मिलने) और मुंबई (शरद पवार से मिलने) जाने की चर्चा है. अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विपक्ष की यह कवायद कितनी असरदार साबित होती है.
ये भी पढ़ें: यूपी में परिसीमन के बाद भी नहीं होगा विभाजन, अमित शाह बोले- उत्तर प्रदेश अविभाजित रहेगा
ADVERTISEMENT











