Muzaffarnagar Pizza Cafe News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में अपनी बहन को बॉयफ्रेंड के साथ पिज्जा कैफे में देखने के बाद दो भाइयों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की. बता दें यह मामला मीरापुर थाना क्षेत्र का है, जहां सोनू अपने ममेरे भाई अतुल के साथ कैफे पहुंचा था. दोनों ने वहां अपनी बहन को गोविंद नाम के युवक के साथ देखा. इसके बाद कैफे के बाहर गोविंद को घेरकर उसकी पिटाई की गई और उसकी बाइक में भी तोड़फोड़ की गई. पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
ADVERTISEMENT
कैफे में बहन को युवक के साथ देखा तो भड़के
जानकारी के मुताबिक युवती अपने बॉयफ्रेंड गोविंद के साथ मीरापुर के एक पिज्जा कैफे में बैठी थी. इसी दौरान उसका भाई सोनू अपने ममेरे भाई अतुल के साथ वहां पहुंच गया. दोनों ने युवती को गोविंद के साथ देखा तो नाराज हो गए. बताया गया कि दोनों ने गोविंद से पूछा कि वह युवती के साथ क्या कर रहा है. आरोप है कि बातचीत पूरी होने से पहले ही दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद कैफे के बाहर हंगामा होने लगा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
युवक को जमकर पीटा
बताया गया कि सोनू और अतुल ने मिलकर गोविंद को घेर लिया और उसकी पिटाई की. इसी दौरान उसकी बाइक को भी निशाना बनाया गया. दोनों ने बाइक में जमकर तोड़फोड़ की. सड़क पर हुए इस हंगामे को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. बाद में इसी फुटेज के सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया.
VIDEO वायरल होते ही पुलिस ने लिया एक्शन
घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मीरापुर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज किया और कार्रवाई शुरू की. इसके बाद पुलिस ने सोनू और अतुल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है. मामले में पुलिस अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है.
CO ऋषिका सिंह ने क्या बताया?
जानसठ की सीओ ऋषिका सिंह ने बताया कि 3 अक्टूबर 2026 का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसमें कस्बा मीरापुर में दो पक्षों के बीच लड़ाई-झगड़ा दिखाई दे रहा था. पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए लड़ाई में शामिल पक्ष की गिरफ्तारी सुनिश्चित की. सीओ के मुताबिक पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











