प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर क्या चल रहा? मथुरा पुलिस अलर्ट, SP सिटी बोले- SOP के तहत होगी कार्रवाई

मदन गोपाल

• 07:36 PM • 06 Oct 2026

मथुरा-वृंदावन में केली कुंज आश्रम के आसपास लापता लोगों की तलाश में पहुंच रहे परिवारों को लेकर मथुरा पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है. एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि गुमशुदगी की शिकायत मिलने पर पुलिस तय SOP के तहत कार्रवाई करती है और जरूरत पड़ने पर दूसरे जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जाता है.

UP Tak
Google CTA

मथुरा-वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम केली कुंज के आसपास गुमशुदा लोगों की तलाश में पहुंच रहे परिवारों को लेकर पुलिस ने अपनी स्थिति साफ की है. कई परिवार अपने लापता परिजनों की तलाश में आश्रम और उसके आसपास पहुंच रहे हैं. 

यह भी पढ़ें...

इसे लेकर मथुरा पुलिस का कहना है कि गुमशुदा व्यक्ति की तलाश करना पुलिस की तय प्रक्रिया यानी SOP का हिस्सा है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है.

मथुरा के एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति के परिजन लापता हैं और उन्हें किसी तरह की आशंका या शंका है, तो उन्हें अपने संबंधित थाने में इसकी कानूनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए. इसके बाद पुलिस SOP के तहत मामले में कार्रवाई करती है.

हाथरस के मामले में पुलिस ने कैसे की कार्रवाई?

एसपी सिटी ने बताया कि पहले हाथरस से जुड़े एक मामले में संबंधित जिले की पुलिस से संपर्क किया गया था. संबंधित विवेचक की मदद से गुमशुदा बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया था. पुलिस का कहना है कि दूसरे जिले से जुड़े मामलों में भी जरूरत के मुताबिक संबंधित पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर कार्रवाई की जाती है.

आश्रम के बाहर गुमशुदा लोगों के पोस्टर लगाने पर क्या कहा?

अक्सर परिवार अपने लापता परिजनों की तस्वीर और जानकारी लेकर उन्हें तलाशने की कोशिश करते हैं. सार्वजनिक जगहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और आश्रमों के आसपास गुमशुदा लोगों के पोस्टर लगाए जाने को लेकर भी एसपी सिटी ने स्थिति स्पष्ट की.

उन्होंने कहा कि परिजन अपनी तरफ से भी ऐसे प्रयास करते हैं और पुलिस भी SOP के तहत इन पोस्टरों के जरिए गुमशुदा लोगों की पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश करती है.

आश्रम के आसपास मारपीट की कोई घटना?

आश्रम या उसके आसपास परिवारों के बीच किसी तरह की मारपीट की घटनाओं को लेकर पूछे जाने पर एसपी सिटी ने कहा कि ऐसा कोई मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है. पुलिस ने सभी पक्षों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है. साथ ही जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग की सलाह भी दी गई है.

रसिक दुलारी शरण मामले में जांच कहां तक पहुंची?

प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण से जुड़े मामले की जांच को लेकर भी पुलिस से सवाल किया गया. एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में जांच का दायरा विस्तृत है.

पुलिस टीम उनके सगे-संबंधियों, मित्रों और दूसरे संपर्कों से लगातार पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि अलग-अलग लोगों से जानकारी जुटाकर मामले से जुड़े तथ्यों को समझने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस ने परिवारों से क्या अपील की?

मथुरा पुलिस का साफ कहना है कि किसी व्यक्ति के लापता होने की स्थिति में परिवार को सबसे पहले अपने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद गुमशुदगी से जुड़ी कार्रवाई तय SOP के अनुसार की जाएगी और परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने की कोशिश होगी.

ये भी पढ़ें - फैक्ट चेक: क्या क्रिकेटर विराट कोहली ₹5 करोड़ लेकर प्रेमानंद महाराज के आश्रम गए थे? जानिए इस वायरल दावे की हकीकत